सोना सोबरन योजना पर भी गिद्ध नजर, डकार गए लगभग 160 पीस धोती साड़ी और लुंगी- सभी बरामद

    सोना सोबरन योजना पर भी गिद्ध नजर, डकार गए लगभग 160 पीस धोती साड़ी और लुंगी- सभी बरामद

    धनबाद (DHANBAD): झारखंड सरकार ने सोना सोबरन योजना की शुरुआत इसलिए की थी, ताकि जरुरतमंद उन ग़रीबों को उच्च क्वालिटी का कपड़ा नसीब हो सके. जो ग़रीबी के कारण ठीक से अपने तन को भी ढंक नहीं पाते हैं, उन्हें इस योजना के तहत थोड़ी मदद मिल सके. लेकिन झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी योजना सोना सोबरन पर भी पीडीएस डीलरों की गिद्ध नजर लग गई है. पहले तो डीलर गरीबों का राशन और किरासन ही डकारते थे, लेकिन अब गरीबों को उच्च क्वालिटी का कम कीमत में मिलने वाला कपड़ा भी उनको नसीब नहीं हो रहा है. ऐसे में धनबाद एसडीएम ने पीडीएस डीलर के गोदाम में छापेमारी कर करीब 160 पीस धोती साड़ी और लूंगी बरामद किया.

    क्या है मामला

    पीडीएस डीलर अच्छे क्वालिटी का कपड़ा को ऊंचे दाम में बाजार के दुकानदारों को बेच रहा है, और कम कीमत वाला निम्न क्वालिटी का कपड़ा सोबरन योजना के लाभान्वित गरीबों को दे रहा है. सोना सोबरन योजना के लाभान्वित गरीब जनता जब पीडीएस दुकानदार को घटिया क्वालिटी का कपड़ा होने की बात कहते हैं तो पीडीएस डीलर उनको कार्ड से नाम काटने की धमकी दे देते हैं. जिसके कारण नुकसान होता देख गरीब जनता चुप रहने पर मजबूर हो जाते हैं. जब प्रशासन को इस खबर की सूचना मिली, तो जिला प्रशासन रेस हो गई. इसी कड़ी में शुक्रवार को धनबाद एसडीएम सप्लाई भोगेंद्र ठाकुर के नेतृत्व में जोगरात पंचायत के मो. इदरीश अंसारी (पीडीएस डीलर) के गोदाम में छापेमारी की गई. इसके साथ ही कुमारधुबी बाजार स्थित दुकान में भी छापेमारी की गई. यहां से लगभग 160 पीस धोती साड़ी और लूंगी बरामद किया गया. जिला प्रशासन ने पीडीएस डीलर मो. इदरीस अंसारी को गिरफ्तार करते हुए मामले की तफ्तीश में जुट गई है.

    होगी सख्त कार्रवाई

    मामले को लेकर एडीएम सप्लाई ने बताया कि उन्हें सरकारी योजनाओं का सामान कपड़ा बाजार में बिकने की सूचना मिली थी, जिसके बाद छापेमारी की गई. छापेमारी में सोना सोबरन योजना का कपड़ा बरामद किया गया है. बताया की गरीबों के लिए चलाई जा रही महत्वाकांक्षी योजनाओं का सामान बाजार में बिकने और किसी भी तरह की अनियमितताएं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसा करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    रिपोर्ट: विनोद सिंह, निरसा/धनबाद


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news