26 फरवरी को झारखंड दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, जगन्नाथ मंदिर व आध्यात्मिक केंद्र की रखेंगी आधारशिला

    26 फरवरी को झारखंड दौरे पर रहेंगी राष्ट्रपति मुर्मू, जगन्नाथ मंदिर व आध्यात्मिक केंद्र की रखेंगी आधारशिला

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 26 फरवरी को झारखंड के जमशेदपुर दौरे पर रहेंगी, जहां वह प्रस्तावित जगन्नाथ मंदिर एवं आध्यात्मिक केंद्र की आधारशिला रखेंगी. इस अवसर पर विधि-विधान के साथ भूमि पूजन भी संपन्न कराया जाएगा. यह जानकारी श्री जगन्नाथ आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक धर्मार्थ केंद्र न्यास के प्रबंध न्यासी एस.के. बेहरा ने साझा की.

    उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति के हाथों शिलान्यास के साथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना की औपचारिक शुरुआत होगी. मंदिर परिसर के निर्माण में लगभग चार वर्षों का समय लगने का अनुमान है, जबकि न्यास की प्राथमिकता आध्यात्मिक केंद्र को पहले तैयार कर शीघ्र शुरू करने की है.

    एस.के. बेहरा के अनुसार, यह आध्यात्मिक केंद्र शोधार्थियों, विद्यार्थियों और अध्यात्म में रुचि रखने वाले लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां आध्यात्मिक विज्ञान, संस्कृति और भारतीय विरासत से जुड़े अध्ययन व शोध को बढ़ावा मिलेगा, जिससे युवाओं को नैतिक और वैचारिक मार्गदर्शन मिल सके.

    करीब 2.5 एकड़ भूमि पर बनने वाला यह मंदिर पूर्णतः पत्थरों से निर्मित होगा. इसकी वास्तुकला में पारंपरिक शैली और उत्कृष्ट शिल्पकला को विशेष रूप से उकेरा जाएगा. मंदिर के गर्भगृह और आध्यात्मिक केंद्र को तय समय पर पूरा करने के लिए निर्माण कार्य तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है.

    प्रबंध न्यासी ने यह भी बताया कि इस परियोजना की नींव उस समय पड़ी थी, जब द्रौपदी मुर्मू झारखंड की राज्यपाल थीं और उसी दौरान भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी हुई थी. अब राष्ट्रपति के रूप में उनके द्वारा शिलान्यास किए जाने से इस परियोजना को नई ऊर्जा और गति मिलने की उम्मीद है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news