धनबाद नगर निगम चुनाव में बढ़ी सियासी गर्मी, संजीव सिंह और मुकेश पांडेय ने ठोकी मेयर पद पर दावेदारी, किया नामांकन


धनबाद (DHANBAD): जिले में नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह और भाजपा के पूर्व युवा जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय ने महापौर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. दोनों नेताओं के मैदान में उतरते ही नगर निगम चुनाव का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है.
नामांकन से एक दिन पहले मंगलवार देर शाम संजीव सिंह ने अपने आवास ‘सिंह मेंशन’ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मेयर पद के लिए चुनाव लड़ने की औपचारिक घोषणा की थी. उन्होंने कहा कि धनबाद नगर निगम का यह चुनाव दलगत नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा हुआ है. ऐसे में कोई भी योग्य व्यक्ति जनता की सेवा के उद्देश्य से चुनाव लड़ सकता है.
भाजपा द्वारा महापौर पद के लिए संजीव अग्रवाल को समर्थन दिए जाने के सवाल पर संजीव सिंह ने साफ कहा कि नगर निगम चुनाव में किसी एक दल का वर्चस्व नहीं होता. उन्होंने कहा कि अंतिम फैसला जनता के हाथ में है और मतदाता विकास व शहर के हित को ध्यान में रखकर अपना निर्णय लेंगे.
बता दें कि आज नामांकन का अंतिम दिन है. ऐसे में भाजपा समर्थित प्रत्याशी संजीव अग्रवाल के भी नामांकन दाखिल करने की संभावना है. वहीं, पूर्व महापौर चंद्रशेखर अग्रवाल के चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला त्रिकोणीय होता दिख रहा है.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि संजीव सिंह की एंट्री से धनबाद नगर निगम का चुनाव और अधिक दिलचस्प हो गया है. आने वाले दिनों में जैसे-जैसे प्रचार तेज होगा, वैसे-वैसे सियासी समीकरण और भी साफ होते नजर आएंगे.
रिपोर्ट : नीरज कुमार
4+