पारा शिक्षकों को 10 फीसदी के मानदेय बढ़ोत्तरी के लिए पार करने होंगे कई पड़ाव, जानिए डिटेल्स  

    पारा शिक्षकों को 10 फीसदी के मानदेय बढ़ोत्तरी के लिए पार करने होंगे कई पड़ाव, जानिए डिटेल्स  

    रांची(RANCHI): राज्य सरकार के सरकारी विद्यालयों में काम कर रहे पारा शिक्षकों को अपने मानदेय में बढ़ोत्तरी के लिए आकलन परीक्षा देना होगा. आकलन परीक्षा झारखंड अधिविद्य परिषद की ओर से ली जायेगी. जानकारी के अनुसार, इसके लिए सात अक्टूबर तक आवेदन देना जरूरी है. राज्य में 62 हजार पारा शिक्षक हैं, जिसमें से 14042 ही शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) के सफल अभ्यर्थी हैं. बाकी 47 हजार सहायक अध्यापकों को वेतनमान में बढ़ोत्तरी के लिए परीक्षा देनी होगी.

    ऑफिसियल वेबसाईट में जाकर भरना होगा फार्म

    जैक की ओर से जारी आकलन परीक्षा की अधिसूचना में आनलाइन आवेदन देने की बातें कही गई है. इसके लिए परिषद की वेबसाइट https://jac.jharkhand.gov.in/jac/ में फार्म पूरी सूचना के साथ भरना होगा. परीक्षा में शामिल होने वाले वैसे पारा शिक्षक जो एससी, एसटी एवं दिव्यांग श्रेणी के होंगे, उन्हें 500 रुपये बतौर परीक्षा शुल्क देना होगा, वहीं अन्य अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये तय परीक्षा शुल्क तय किया गया है.  परीक्षा शुल्क की राशि ऑनलाईन निर्गत चालान के माध्यम से किसी भी इंडियन बैंक की शाखा में 10 अक्टूबर 2022 तक जमा किया जा सकते हैं.

    आकलन परीक्षा की होगी दो श्रेणी

    पारा शिक्षकों की आकलन परीक्षा दो श्रेणियों की होगी. पहली श्रेणी में पहली कक्षा से पांचवीं कक्षा के आधार पर शैक्षणिक गतिविधि का आकलन होगा. वहीं दूसरी श्रेणी में कक्षा छठी से कक्षा आठवीं तक की परीक्षा ली जायेगी. पहली श्रेणी में कुल छह पेपर होंगे. चार पेपर अनिवार्य  हैं. पेपर पांच और छठा भाषा से संबंधित पेपर होगा, जो वैकल्पिक है. दो सौ अंकों की कुल परीक्षा ली जायेगी. वहीं दूसरे श्रेणी की परीक्षा में भी पांच पेपर होंगे. पांचवां सब्जेक्ट ऑप्शनल है. दूसरे श्रेणी की परीक्षा में 250 अंक के प्रश्न पूछे जायेंगे. एडमिट कार्ड डाउनलोड करने एवं परीक्षा की तिथि बाद में प्रकाशित की जायेगी.

    मिलेगी 10 फीसदी की बढ़ोतरी

    सेवा शर्त नियमावली के अनुसार, आकलन परीक्षा पास करने पर मानदेय में 10 फीसदी की बढ़ोतरी होगी. सहायक अध्यापक सेवा शर्त नियमावली के अनुसार, शिक्षक पात्रता परीक्षा में सफल पारा शिक्षकों के मानदेय में 50 फीसदी की वृद्धि की गयी थी. वहीं शिक्षक पात्रता परीक्षा में सफल नहीं होनेवाले पारा शिक्षकों के मानदेय में 40 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई थी. आकलन परीक्षा में सफल होने पर 10 फीसदी मानदेय की वृद्धि होगी.

    परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य

    पारा शिक्षकों के लिए आकलन परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य है. विभाग द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि जिन पारा शिक्षकों ने तीन वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उनका परीक्षा में शामिल होना अनिवार्य होगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news