धनबाद में बिना डॉक्टर के नर्सिंग होम, सिविल सर्जन की जांच में हुआ खुलासा


धनबाद(DHANBAD):कोयलांचल में बिना डॉक्टर के भी नर्सिंग होम चल रहे हैं, वैसे भी नर्सिंग होम हैं जिनका क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट के तहत रजिस्ट्रेशन की अवधि भी समाप्त हो गई है. फिर भी नर्सिंग होम चल रहे हैं. और लोगों का इलाज हो रहा है. अब आप अंदाजा लगा सकते हैं कि इन नर्सिंग होम में कैसा इलाज होता होगा. यह बातें सिविल सर्जन के निरीक्षण के क्रम में सामने आई हैं. सिविल सर्जन ने मंगलवार को सिंदरी रोड, गौशाला एवं डिगवाडीह के नर्सिंग होम का निरीक्षण किया. इन दोनों नर्सिंग होम में डॉक्टर नहीं मिले लेकिन बाहर में डॉक्टरों का बोर्ड लगा हुआ था. जानकारी के अनुसार एक नर्सिंग होम में तो मरीज नहीं थे लेकिन दूसरे नर्सिंग होम में मरीज भर्ती थे लेकिन कोई डॉक्टर नहीं थे. अधिकांश मरीज डिलीवरी केस के लिए भर्ती कराए गए थे. इसके अलावा डिगवाडीह में ही संचालित एक नर्सिंग होम पर जब सिविल सर्जन पहुंचे तो उनकी गाड़ी देखते ही नर्सिंग होम को बंद कर संचालक निकल लिए. सिविल सर्जन इंतजार करते रहे लेकिन संचालक नहीं आए. ऐसे नर्सिंग होम पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है. लेकिन सवाल है कि डॉक्टरी के पावन पेशे को व्यवसाय बनाने वालो के खिलाफ जब तक ठोस कारवाई नहीं होगी मरीज इसी तरह से ठगे जाते रहेंगे. अभी 2 दिन पहले ही बाघमारा में एक बच्चे की मौत के बाद हंगामा मचा था. परिजनों का आरोप था कि बच्चा नर्सिंग होम में ही मर चुका था लेकिन अस्पताल कर्मियों ने उसे लेकर बोकारो गए.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह,धनबाद
4+