लोकतंत्र के महापर्व में मंत्री सुदिव्य सोनू की भागीदारी, पत्नी संग डाला वोट, जनता से किया मतदान का आह्वान


गिरिडीह (GIRIDIH): नगर निगम चुनाव के तहत जिले में मतदान को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिल रहा है. सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें नजर आईं. इसी क्रम में झारखंड सरकार के नगर विकास मंत्री Sudivya Kumar Sonu ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की.
मंत्री अपनी पत्नी के साथ वार्ड संख्या 36 स्थित बूथ नंबर 3 पर पहुंचे और शांतिपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया. मतदान के बाद उन्होंने स्याही लगी उंगली दिखाकर नागरिक कर्तव्य निभाने का संदेश दिया. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने उनका स्वागत किया और चुनाव प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की प्रतिबद्धता जताई.
मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर मतदाता की भागीदारी बेहद आवश्यक है. उन्होंने गिरिडीह सहित पूरे झारखंड के नागरिकों से अपील की कि वे घरों से निकलकर मतदान अवश्य करें. उनका कहना था कि एक-एक वोट शहर और राज्य के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है.
उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव केवल प्रतिनिधि चुनने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का अवसर है. प्रशासन द्वारा सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सके.
4+