झारखंड आएंगे अब कांग्रेस के तीनों विधायक, जानिये हाईकोर्ट ने क्या कहा


रांची (RANCHI): कैश कांड को लेकर चर्चित हुए कांग्रेस के तीन विधायक जल्द ही रांची लौटेंगे. इन्हें कोलकाता हाईकोर्ट ने इस शर्त के साथ अनुमति दी है कि जब भी उन्हें अदालत से बुलाया जाएगा, तीनों विधायक 24 घंटे के भीतर अदालत के समक्ष उपस्थित होंगे. इन तीनों विधायक में जामताड़ा से विधायक इरफान अंसारी, खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कोलीबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी शामिल हैं.
क्या है मामला
बता दें कि जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी की कार से करीब 49 लाख रुपए बंगाल पुलिस ने जब्त किये थे. यह 30 जुलाई की घटना है. कार में उनके अलावा खिजरी विधायक राजेश कच्छप और कोलीबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी भी थे. तीनों कांग्रेसी विधायकों को बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था. 31 जुलाई को उन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया था, जहां से 10 दिनों के रिमांड पर भेज दिया गया था. इधर, कांग्रेस ने तीनों को निलंबित कर दिया. उधर, कोलकाता सीआईडी ने उनसे गहन पूछताछ की. रांची तथा जामताड़ा स्थित संबंधित विधायकों के ठिकानों पर छापेमारी की. बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पिछले दिनों अदालत ने इस शर्त पर जमानत दी थी कि ये तीन माह तक कोलकाता से बाहर नहीं जाएंगे.
4+