दो दिवसीय दौरे पर दुमका पहुंचे राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन, बासुकीनाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

    दो दिवसीय दौरे पर दुमका पहुंचे राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन, बासुकीनाथ मंदिर में की पूजा अर्चना

    दुमका (DUMKA): दो दिवसीय दौरे पर झारखंड के राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन दुमका पहुंचे. देवघर के बाबा बैद्यनाथ में पूजा अर्चना के बाद सड़क मार्ग से दुमका के बासुकीनाथ धाम पहुँच कर राज्यपाल सी पी राधाकृष्ण ने पूजा अर्चना की. प्रदेश वासियों की सुख, शांति और समृद्धि की कामना बाबा बासुकीनाथ से की. उसके बाद दुमका के राजभवन में कुछ पल विश्राम करने के बाद सदर प्रखंड के घसीपुर गांव के मोहली टोला पहुंचे. जहाँ उन्होंने आँगनबाड़ी केन्द्र का अवलोकन किया. राज्यपाल ने आँगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों की संख्या की पृच्छा करते हुए बच्चों के पोषण के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की. उन्होंने आँगनबाड़ी परिसर में वृक्षारोपण भी किया.

    विद्य़ालय की ली जानकारी

    इसके बाद प्राथमिक विद्यालय, घासीपुर पहुंच कर वहां अध्ययनरत बच्चों से मिले. उन्होंने बच्चों से संवाद स्थापित करते हुए विद्यालय में प्राप्त सुविधाओं की जानकारी ली. उन्होंने बच्चों से नाम पूछकर उनका उत्साहवर्द्धन किया तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाये जा रहे विषयों के बारे में पूछा. उन्होंने उपायुक्त से विद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या व उपस्थिति के साथ मध्याह्न भोजन योजना के संदर्भ में जानकारी ली. राज्यपाल ने वहाँ उपस्थित स्थानीय युवाओं से उनकी पढ़ाई की जानकारी प्राप्त करते हुए उन्हें शिक्षा ग्रहण करने के प्रति प्रोत्साहित किया.

    लाभुकों को योजना से किया लाभान्वित

    इसके उपरांत राज्यपाल ने ग्रामीण महिलाओं से भेंट कर उनकी आजीविका के संदर्भ में जानकारी प्राप्त की तथा उनके द्वारा बाँस से सामग्री बनाने की प्रतिभा की सराहना की. इनकी आय में कैसे वृद्धि हो इस हेतु उपायुक्त को पहल करने हेतु कहा. इसके पश्चात वहाँ आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल ने ग्रामीणों के मध्य चिकित्सीय अनुदान वितरित करने के अतिरिक्त आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, सिंचाई कूप निर्माण योजना, मनरेगा योजना, साड़ी-लुंगी योजना अंतर्गत लाभुकों को योजना से लाभान्वित किया. राज्यपाल के समक्ष पंचायत की मुखिया ने 'प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत योजना' अंतर्गत नि-क्षय मित्र बनकर टीबी मरीज के मध्य पोषाहार कीट वितरित किया. उन्होंने ग्रामीणों से कहा अपेक्षा है कि यह क्षेत्र आपसी संबंध, सद्भाव एवं सूझ-बूझ से विकसित क्षेत्र बनेगा. उन्होंने कहा कि राजभवन तक जो नहीं पहुँच पाते है, उन तक उनकी पहुँच होगी. उन्होंने लोक-कलाकारों का भी उत्साहवर्द्धन किया. इस अवसर पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, समेत जिला प्रशासन के अन्य अधिकारीगण मौजूद थे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news