झारखंड की आठ लेन सड़क में धंसान : धनबाद अपनी किस्मत पर रोये की इठलाये !

    झारखंड की आठ लेन सड़क में धंसान : धनबाद अपनी किस्मत पर रोये की इठलाये !

    धनबाद(DHANBAD) : मुख्यमंत्री जी-झारखंड की पहली 8 लेन सड़क का उद्घाटन आपने 48 घंटे पहले किया था. उद्घाटन के बाद क्रेडिट लेने की होड़ मची हुई थी. लेकिन यह सड़क उद्घाटन का भार  48 घंटे भी नहीं सह सकी. सड़क के एक भाग में बड़े आकार का गोफ  बन गया है. सड़क धंस गई है. यह तो झारखंड की बड़ी उपलब्धि कही जाती थी. यह अलग बात है कि इसकी योजना रघुवर दास सरकार के कार्यकाल में बनी और काम शुरू हुआ. कई परेशानियों से लड़ते हुए   यह सड़क 2024 में तैयार हुई और आपने इसका उद्घाटन किया.  462 करोड़ की लागत से बनी झारखंड की पहली 8 लेन सड़क पर धनबाद इठलाये या रोये अथवा अपनी किस्मत को कोसे, उसे समझ में नहीं आ रहा.

    यह सड़क 5 फीट से अधिक धंसी है और 3 फीट चौड़ाई आकार का गोफ  बन गया है. गोफ में पानी भरा हुआ है. कभी भी कोई गिरकर घायल हो सकता है. सड़क धंसने  की सूचना के बाद इलाके में काफी रिएक्शन है. सड़क का उद्घाटन होने के पहले और बाद में  झारखंड मुक्ति मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी में क्रेडिट लेने की होड़  मची हुई थी. भाजपाई भी आठ लेन सड़क पर फोटो खिंचवाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करते रहे. भाजपा का दावा था कि यह उनकी योजना है और उसका क्रेडिट झारखंड मुक्ति मोर्चा ले रहा है. लेकिन अब तो सड़क में गोफ बन गया है. अब किसे क्रेडिट दिया जाए और किसे  डिसक्रेडिट मिलेगा, यह तो जनता के मूड पर ही निर्भर करेगा. 20 किलोमीटर लंबी 8 लेन सड़क 462 करोड रुपए की लागत से बनी है. 2017 से इस सड़क का निर्माण शुरू हुआ था और 2024 में इसका उद्घाटन हुआ. कई बार इसके काम को एक्सटेंशन मिला. 

    सड़क को लेकर बड़े-बड़े दावे किए जाते रहे.  गुड़गांव की कंपनी ने सड़क का निर्माण कराया है. निश्चित रूप से अधिकारियों ने भी इस सड़क निर्माण का सुपरविजन किया होगा, तो क्या सड़क धंसने  के बाद वैसे अधिकारी चिन्हित किए जाएंगे.  इतनी बड़ी महत्वाकांक्षी योजना का यह हाल है, तो बाकी योजनाओं के बारे में भी अब लोग कुछ ना कुछ कहने लगे है. धनबाद को झारखंड की पहली 8 लेन  सड़क की सौगात तो मिली, लेकिन धनबाद की किस्मत यहां भी उसे दगा देने पर तुली  हुई है. उपलब्धि पर भले ही राजनीतिक दल के नेता खुशी मनाएं, लेकिन जनता कह रही है कि काम में कुछ ना कुछ गड़बड़ी है. पानी निकासी की सही व्यवस्था नहीं हुई, नतीजा है कि सड़क अभी तो एक जगह धंसी  है और भी कई जगहों पर धंस  सकती है.

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो  


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news