दुमका पेट्रोल कांड - 2 : पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे जारमुंडी विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, ली घटना की जानकारी

    दुमका पेट्रोल कांड - 2 : पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे जारमुंडी विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, ली घटना की जानकारी

    दुमका (DUMKA): दुमका पेट्रोल कांड-2 की जानकारी मिलते ही जरमुंडी विधायक सह कृषि मंत्री बादल पत्रलेख भालकी गांव पहुंचे. पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली. घटना पर दुख व्यक्त किया. मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह घटना समाज के लिए सोचने की बात है. ऐसे तत्व अचानक सक्रिय हो गए हैं और घटना की पुनरावृति हो रही है. सरकार के संज्ञान में जब भी आया सरकार ने संवेदनशीलता और अपने कृत कार्रवाई में कहीं कोई कसर नहीं छोड़ी. इस तरह की घटना को अंजाम देने वालों को कठोर सजा मिलेगी. इसके लिए प्रशासन और न्यायपालिका दोनों संवेदनशील हैं. लेकिन, निरंतर इस तरह की घटना हमें शर्मसार करती है, कलंकित करती है.

    उन्होंने कहा कि ऐसे तत्व अगर हमारे बीच मौजूद हैं और उसकी जानकारी हमें अंत में मिलती है तो यह सोचने की बात है. इसकी जानकारी हमें पहले होनी चाहिए. यदि 5 दिन पूर्व उस बच्ची को किसी ने धमकी दी थी तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. हम छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज कर देते हैं, जो बड़ी घटना में तब्दील हो जाती है. शासन और प्रशासन के संज्ञान में आने के बाद अगर कोई चूक होती तो निश्चित रूप से हम अपने आप को दोषी मानते. इसके लिए समाज को भी आगे आना होगा. छोटी-छोटी बातों को नजरअंदाज ना करें.

    डेढ़ महीने के भीतर जिला में दूसरा पेट्रोल कांड

    बता दें कि गुरूवार देर रात दुमका जिला के जरमुंडी थाना क्षेत्र के भालकी गांव में सिरफिरे आशिक ने मारुति कुमारी नामक युवती के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. दुमका के फूलोझानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. डेढ़ महीने के भीतर दुमका जिला में पेट्रोल कांड की यह दूसरी घटना है. इससे पूर्व 23 अगस्त को नगर थाना क्षेत्र के जरुआडीह गांव में सनकी आशिक ने अंकिता के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी जिसकी मौत 28 अगस्त को रांची के रिम्स में हो गई थी.

    रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news