दुमका : हाईवा और बाइक की जोरदार टक्कर में हाईवा में लगी आग, बाइक सवार घायल

    दुमका : हाईवा और बाइक की जोरदार टक्कर में हाईवा में लगी आग, बाइक सवार घायल

    दुमका(DUMKA): दुमका जिला के जामा थाना के बारा पलासी गांव के समीप हाईवा ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी. इस घटना में बाइक चालक आंशिक रूप से घायल हो गया. घटना के बाद बाइक हाईवा के टायर में फंस गया. बाइक की टंकी से पेट्रोल का रिसाव होने लगा और घर्षण की वजह से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने हाईवा को अपनी चपेट में ले लिया.

    पुलिस और फायर ब्रिगेड द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

    जानकारी के अनुसार दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग पर हाईवा ने बाइक को टक्कर मार दी. जिससे पीपरा निवासी दिनेश बुरी तरह घायल हो गए. जिसके बाद बारापलासी के समीप हाईवा को जलता देख रोड पर अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद  स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना जामा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी गई. सूचना मिलते ही थाना की पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. जब तक दमकल विभाग की टीम द्वारा आग पर काबू पाया जाता तब तक हाईवा आंशिक रूप से जल चुका था. इधर पुलिस ने घायल दिनेश शर्मा को इलाज के लिए दुमका के फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया.

    फूलों झानो मेडिकल अस्पताल में चल रहा घायल का इलाज

    पुलिस द्वारा घायल को दुमका के फूलों झानों मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घायल दिनेश ने बताया कि वह बाइक से कहीं जा रहे थे तभी पीछे से हाईवा ने उन्हें टक्कर मार दी थी. जामा थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार साहू ने बताया कि बीच सड़क पर हाईवा में आग लगने के कारण कुछ देर तक आवागमन बाधित रहा लेकिन आग पर काबू पाते ही आवागमन को बहाल कर दिया गया है. घटना के वक्त हाईवा का चालक हाइवा छोड़कर मौके से फरार हो गया.

    रिपोर्ट. पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news