गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी को किया गया याद, विचारों पर हुई चर्चा


रामगढ़ (RAMGARH): राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. इस दौरान पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे, उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी मोहम्मद जावेद हुसैन सहित अन्य जिला और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों ने रामगढ़ शहर के गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया. जिसके उपरांत उन्होंने मुक्तिधाम स्थित गांधी घाट पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया गया. गांधी घाट पर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
आदर्शों का पालन
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर मुक्तिधाम स्थित गांधी घाट पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडे ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचारों और उनके आदर्शों को अपने जीवन में शामिल करने, सत्य, अहिंसा, त्याग और स्वच्छता का पालन करने की अपील की. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके आदर्शों का पालन करते हुए देश और समाज के कल्याण में अपना योगदान दें.
पश्चिमी सभ्यता के प्रति आकर्षित हो रहा युवा
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी रामगढ़ मोहम्मद जावेद हुसैन ने कहा कि वर्तमान समय में हम देखते हैं कि हमारे देश के युवा पश्चिमी सभ्यता के प्रति काफी आकर्षित होते हैं. वहीं पश्चिम के लोग हमारी संस्कृति को अपना रहे हैं. महात्मा गांधी ने हमेशा आत्मनिर्भरता पर जोर दिया और हमारी आजादी में सबसे बड़ा योगदान हमारी आत्मनिर्भरता का ही था. इसलिए हम सभी को गांधीजी के उपदेशों का पालन करते हुए उनका अनुसरण करना चाहिए.
रिपोर्ट: जयंत कुमार, रामगढ़
4+