झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह इलाज के लिए दिल्ली एम्स जाएंगे,जानिए क्या रहेगा इंतजाम


धनबाद(DHANBAD): झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह को बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजने की स्वीकृति कारा महान निरीक्षक ने दे दी है. उन्हें 4 सप्ताह के लिए एम्स दिल्ली भेजे जाने की अनुमति दी गई है. मंडल कारा धनबाद के अधीक्षक को कहा गया है कि 4 सप्ताह के अतिरिक्त इलाज में समय लगने पर कारा महान निरीक्षक से पूर्व अनुमति लेनी होगी. पूरी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें इलाज के लिए एम्स दिल्ली भेजा जाएगा. अगर उन्हें तत्काल इलाज के लिए भर्ती नहीं किया जाता है तो अस्थाई तौर पर केंद्रीय कारा तिहाड़ में रखा जाएगा. इसको लेकर हाज खास पुलिस स्टेशन, न्यू दिल्ली को उनके इलाज अवधि तक के लिए समुचित सुरक्षा प्रदान करने के लिए अनुरोध किया गया है. जेल प्रशासन ने इस संबंध में शुक्रवार को अदालत को पत्र लिखकर अवगत कराया है.
9 जनवरी को होगी अगली सुनवाई
इधर, नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या का षड्यंत्र रचने के आरोप में जेल में बंद संजीव सिंह की जमानत अर्जी पर शुक्रवार को हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. अदालत ने जमानत अर्जी पर सुनवाई करते हुए अगली सुनवाई की तिथि 9 जनवरी निर्धारित कर दी है.पूर्व विधायक के परिवार सूत्रों के अनुसार उनकी तबीयत लगातार बिगड़ रही है. उन्हें हायर सेंटर में इलाज की जरूरत है.
रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो
4+