पलामू: टीपीसी के एरिया कमांडर समेत पांच गिरफ्तार, 28 किलो गांजा और नगदी भी बरामद

    पलामू: टीपीसी के एरिया कमांडर समेत पांच गिरफ्तार, 28 किलो गांजा और नगदी भी बरामद

    पलामू (PALAMU): पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने टीपीसी के एरिया कमांडर निर्मल भुइयां उर्फ विदेशी भुइयां समेत पांच को गिरफ्तार किया है. एरिया कमांडर को बीपीओ मीना देवी और उसके पति संतोष प्रसाद से रंगदारी मांगने और विरोध करने पर मारपीट करने के मामले में पांकी थाना क्षेत्र के गोगाड़ स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया गया है. जबकि महिला समेत चार आरोपियों को नावाबाजार पुलिस ने गांजा की खरीद बिक्री करने के आरोप में गिरफ्तार किया है. उनके पास से 28 किलो ग्राम गांजा, 26 हजार 500 रूपए नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं.

    रंगदारी वसूलने का मामला आया था सामने

    जिले के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि चार अगस्त को सूचना मिली थी कि भाकपा माओवादी के पूर्व सदस्य और वर्तमान में टीपीसी के एरिया कमांडर निर्मला भुइयां उर्फ विदेशी भुइयां टीपीसी के नाम पर गोगाड़ में रंगदारी वसूलने आया है. इन्होंने बीपीओ मीना देवी और उसके पति संतोष प्रसाद से रंगदारी की मांग की थी. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गयी है. पांकी थाना प्रभारी अमित कुमार सोनी के नेतृत्व में टीम बनाकर छापामारी अभियान चलाया गया. इस क्रम में टीपीसी एरिया कमांडर को ग्रामीणों के सहयोग से गोगाड़ से गिरफ्तार किया गया.

    28 किलो गांजा के साथ धराए पति-पत्नी

    एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नावाबाजार थाना क्षेत्र के कंडा में नगीना मांझी, उसकी पत्नी शकुंती देवी, पुत्र संतोष पासवान अपने सहयोगियों के साथ मिलकर गांजा की खरीद बिक्री करते हैं. विश्रामपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरजीत कुमार के नेतृत्व में टीम बनाकर छापामारी की गई. बीते रात छापामारी के क्रम में नगीना मांझी के घर से 28 किलो गांजा, 26 हजार रूपए नगद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए. साथ ही गांजा की खरीद बिक्री करने के आरोप में नगीना और उसकी पत्नी शकुंती देवी, अशोक पासवान (बलसारा, पाटन), वीरेन्द्र पासवान, (तलेया, चैनपुर) को गिरफ्तार किया गया. सभी के खिलाफ एंडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. एसपी ने बताया कि सभी मिलकर चार हजार रूपए किलो गांजा की बिक्री करते थे.

    रिपोर्ट: ज़फर हुसैन, पलामू


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news