जमीन विवाद में पहले चाकू मार किया घायल, फिर घर में लगाई आग, सबकुछ हुआ खाक   

    जमीन विवाद में पहले चाकू मार किया घायल, फिर घर में लगाई आग, सबकुछ हुआ खाक   

    पलामू(PALAMU): भूमि विवाद में मार-पीट आम बात सी लगती है. आए दिन कहीं ना कहीं से कोई खबर ऐसी जरूर मिलती है, जहां भूमि विवाद में दो पक्षों में मार-पीट हो गई हो. ऐसा ही ताजा मामला पलामू जिले के हैदरनगर थाने से आई है. इलाके के परता गांव में एक भूमि विवाद के मामले में दो पक्षों में मार पीट हो गई. मार-पीट में एक पक्ष के जयराम राम को दूसरे पक्ष ने छुरा मार कर घायल कर दिया है. घायल जयराम को हैदरनगर पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. घटना के बाद से जयराम राम का पूरा परिवार घर छोड़ कर अन्यत्र शरण लिए हुए हैं.

    मंगलवार को जयराम राम और उनका परिवार मेदिनीनगर में इलाज करा रहे थे. जयराम राम का आरोप है कि गांव के उच्च जाति के लोगों ने उनके घर को जला दिया है. जिसमें उनके घर के साथ सभी सामान, दो बकरी और मुर्गी भी जल कर खाक हो गए हैं. जयराम राम ने इस संबंध में हैदरनगर थाना में गांव के छह लोगों के खिलाफ जबरदस्ती जमीन पर कब्जा करने से रोकने पर मार पीट व चाकू से जानलेवा हमला करने के साथ-साथ जाति सूचक शब्दो के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है.

    6 लोगों के खिलाफ कराई गई प्राथमिकी

    जयराम राम ने लिखा है कि उनकी पुत्री की भूमि पर अजीत तिवारी ने 200 ट्रैक्टर मिट्टी गिरा दिया है. वो ईंट बनाने का काम करते हैं. जयराम राम ने बताया कि मिट्टी हटाने को कहने पर उन्होंने घटना को अंजाम दिया. जयराम राम ने हैदरनगर थाना को दिए गए आवेदन में रंजीत उपाध्याय, इंद्रजीत उपाध्याय, अक्षय पांडेय,प्रवीण दुबे, विवेक पांडेय व अजीत तिवारी के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. घटना को लेकर गांव में तनाव है. जयराम राम ने बताया कि मंगलवार को उनके साथ घटी घटना को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया. इसी का परिणाम है कि रात में आरोपियों ने उनके घर में आग लगा दिया. घटना के संबंध में थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा ने बताया कि उन्हे सूचना मिली है. आवेदन प्राप्त होने पर छान-बीन कर कार्रवाई की जाएगी. भुक्तभोगी जयराम राम ने पुलिस के वरीय अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है.

    रिपोर्ट: एस के चंदेल, हुसैनाबाद(पलामू)


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news