झारखंड के इन रेल स्टेशनों पर मिलेगा इकोनॉमी मील,जानिए 50 रुपए में क्या क्या होंगे आइटम


धनबाद(DHANBAD): देश के 64 स्टेशनों में झारखंड का रांची, टाटानगर, जसीडीह, धनबाद और मधुपुर स्टेशनों को शामिल किया गया है. अब यहां पर इकोनॉमी मील मांगने पर सस्ते दर पर उपलब्ध होगी. यह सुविधा देश के 64 रेलवे स्टेशनों पर शुरू की जा रही है. अभी तक ट्रेनों में स्लीपर और एसी बोगियों में ऑर्डर देने पर पैंट्री कार, फूड कोर्ट या फूड प्लाजा से यात्रियों को उनकी सीट पर ही भोजन परोसा जाता है. लेकिन अब यह सुविधा जनरल बोगी में यात्रा करने वालों के लिए भी की गई है.
सस्ती दर पर स्वादिष्ट भोजन पर इकोनॉमी मील और स्नैक्स योजना की शुरुआत
रेलवे ने साधारण बोगियों में यात्रा करने वालों को सस्ती दर पर स्वादिष्ट भोजन पर इकोनॉमी मील और स्नैक्स योजना की शुरुआत की है. इस योजना के तहत ट्रेन के जनरल बोगियों के सामने ₹50 में स्नैक्स में मसाला डोसा, पाव भाजी सहित अन्य आइटम बेचे जाएंगे. इस योजना के तहत ₹20 में सात पूड़ी, आलू की सब्जी और अचार दिए जाएंगे. स्नेक्स मील में कोई भी आइटम लीजिए ₹50 का ही भुगतान करना होगा. यह रेलवे की योजना कितना सही ढंग से जमीन पर उतर पाती है,यह तो देखने वाली बात होगी.
घोषणाएं सिर्फ घोषणा ही रह जाती है
वैसे अगर हम धनबाद की बात करें तो यह देश का सबसे कमाऊ रेल मंडल है. पूर्व मध्य रेलवे की कुल कमाई में धनबाद रेल मंडल की हिस्सेदारी 96% है, लेकिन जब सुविधा पहुंचाने की बात आती है तो धनबाद पर रेल अधिकारियों की नजरें टेड़ी हो जाती है. ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे सुविधा देने की घोषणा तो करता है लेकिन उसके बाद उनकी समीक्षा नहीं होती. नतीजा होता है कि घोषणाएं सिर्फ घोषणा ही रह जाती है. लालू प्रसाद यादव जब केंद्रीय रेल मंत्री थे तो उन्होंने चाय बेचने के लिए मिट्टी के चुक्कड़ की व्यवस्था कराई थी .यह योजना भी कुछ दिन चली फिर रसातल में चली गई. हालांकि दबी जुबान से उस समय रेल अधिकारियों ने कहा कि चुक्कड में चाय महंगी पड़ रही है. इसलिए लोगों का इसमें इंटरेस्ट नहीं है.
रिपोर्ट: धनबाद ब्यूरो
4+