दुमका: एक महीने के अंदर बढ़ा क्राइम ग्राफ, एक झलक में जानिए महीने भर के क्राइम डिटेल्स


दुमका (DUMKA) : 23 अगस्त 2022 को दुमका में घटित पेट्रोल कांड पार्ट 01 की घटना ने जिले के आपराधिक इतिहास की एक ऐसी अध्याय लिखी जिसमें नित नए पन्ने जुड़ रहे हैं और उन पन्नों पर अपराध की गाथा लिखी जा रही है.
जिला में बढ़ा अपराध
हाल के 2 महीने में उपराजधानी दुमका में हत्या के मामलों में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. पेट्रोल कांड पार्ट वन की पुनरावृत्ति हुई और पार्ट 2 में भी जिले की एक बेटी को जान गवानी पड़ी. विश्वविद्यालय ओपी के श्री अमडा के पास पेड़ से लटकता एक आदिवासी किशोरी का शव मिला, तो वही नगर थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पीछे पेड़ से लटका एक आदिवासी किशोर का शव. तालझारी थाना क्षेत्र से एक महिला की जली हुई अवस्था मे लाश मिली तो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुंजबोना गांव के पास जली हुई अवस्था में एक महिला का शव. 2 दिन पूर्व काठी कुंड थाना क्षेत्र के बड़तल्ला गांव में पेड़ से लटकता एक आदिवासी किशोरी का शव मिला तो जामा थाना क्षेत्र के कैरावनी गांव के पास झाड़ी से एक युवक का शव. इसमें से कुछ मामले ऐसे हैं जिसके उद्भेदन में पुलिस को सफलता नहीं मिली है. तालझारी थाना क्षेत्र से बरामद महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई वही मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कुंजबोना से भी बरामद महिला का शव अज्ञात ही रहा. नगर थाना क्षेत्र के पोस्टमार्टम हाउस के पीछे से बरामद आदिवासी किशोर के शव मामले में हत्यारा अभी भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है. कुछ मामलों में पुलिस को सफलता भी मिली और अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचाए गए. अपराध की घटनाओं के बीच चर्चा का विषय बना रहा पेट्रोल. वहीं पेट्रोल जिसकी बढ़ती कीमत को लेकर पूरे देश में हाय तोबा मचाया जाता है. वहीं दुमका में हत्या के लिए पेट्रोल कांड का एक ट्रेंड सा चल पड़ा है. कल से एक ऑडियो जिले में बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने और गोली मारने की धमकी दी जा रही है.
कार्यवाही की चेतावनी
इस सबके बीच पहले हम आपको जरमुंडी एसडीपीओ का एक आदेश बताते हैं. जिसमें खुले में या बोतल में पेट्रोल बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है. इसे गैरकानूनी बताया गया है और खुदरा विक्रेता हो या पेट्रोल पंप संचालक दोनों को पकड़े जाने पर कानूनी कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई है. वहीं जिले में बढ़ती हिंसा के मामले पर भाजपा ने सरकार पर जमकर निशाना साधा है.
प्रशासन गंभीर
पुलिस प्रसासन भी इस मामले पर गंभीर नजर आ रही है. एक तरफ जरमुंडी एसडीपीओ ने खुले में पेट्रोल बेचने पर रोक लगाने संबंधी आदेश निर्गत किया है. वहीं एसपी अम्बर लकड़ा ने महिला सुरक्षा को लेकर शक्ति एप और डायल 112 का उपयोग करने की अपील आम लोगों से की है.
फोन पर जिंदा जलाने की धमकी
एसपी की अपील का असर भी देखने को मिला है. तभी तो बुधवार की रात जब एक युवक ने फ़ोन कॉल पर दूसरे युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने और गोली मारने की धमकी दी तो गुरुवार को पीड़ित परिवार ने नगर थाना पहुंच कर पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
छोटी बातें देती हैं अनहोनी का दस्तक
जरूरत है शासन और प्रसासन के साथ आम लोगों को जागरूक बनने की. अक्सर हमलोग छोटी-छोटी बातों को नजर अंदाज कर देते हैं जिसकी परिणति बड़ी घटना में तब्दील हो जाती है. सामूहिक प्रयास से ही जिले में पनप रहे इस राक्षसी प्रवृति का खात्मा किया जा सकता है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
4+