दुमका : बाबूलाल मरांडी तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे दुमका, केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

    दुमका : बाबूलाल मरांडी तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे दुमका, केंद्र सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

    दुमका (DUMKA) : भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी तीन दिवसीय संथाल परगना प्रमंडल के दौरे पर रविवार की रात दुमका पहुचे. जहां उन्होंने सोमवार को दुमका परिसदन में प्रेसवार्ता की. प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की 9 वर्षो की उपलब्धियों का बखान किया.

    देश में आंतकवादी गतिविधियों पर लगाया गया अंकुश

    बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 2014 के पहले सरहद पार के आतंकवादी देश मे घुसकर विस्फोट करते थे. आंतकवादियों ने पार्लियामेंट को भी नहीं छोड़ा. लेकिन जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने है तब से परिस्थितियां बदली है. इन 9 वर्षों में देश में दो बड़ी घटनाएं हुई थी, पुलवामा और पठानकोट.  जिसके जवाब में सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक भारत द्वारा किया गया था. वहीं गलवान घाटी में भी चीन के सैनिकों को हमने पीछे हटने पर विवश कर दिया. जिससे दुनिया मान रही है कि अब भारत बदल रहा है और देश का नेतृत्व एक मजबूत व्यक्ति के हाथ में है. जिसका परिणाम है कि आज देश के अंदर हम लोग बड़े सुकून से रहते हैं. देश के अंदर माओवादी गतिविधियां जो काफी बढ़ी हुई थी उस पर भी अंकुश लगा है.

    सुशासन के मामले में बदली गई देश की तस्वीर

    2014 से पहले देश मे जो हालात थे, चाहे वह भ्रष्टाचार के मामले में हो या सुरक्षा के मामले में उसमें काफी बदलाव हुआ है. आज प्रधानमंत्री की लोकप्रियता देश में ही नहीं विदेशों में भी बढ़ी है. जिस भारत की बात दुनिया सुनना नहीं चाहती थी. आज उसी भारत की बातों को दुनिया सुनना और समझना चाह रही है. विदेशों में हमारे देश के प्रधानमंत्री से मिलने वालों की होड़ लगी रहती है. उन्होंने कहा कि सुशासन के मामले में भी पूरे देश में एक तस्वीर बदली है. आज जो भी भ्रष्ट राजनीतिज्ञ हैं, जो परिवारवाद के पोषक हैं. उन लोगों में आज की तारीख में हड़कंप मच गया है. इन 9 वर्षों में ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स वालों ने जो काम किया उसकी तारीफ हो रही है. लगभग एक लाख करोड़ की अवैध कमाई की प्रॉपर्टी और नकद जब किया गया है.

    नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ देश का विकास  

    किसानों के खातों में 6 हजार रुपए भेजना अपने आप में यह अनूठी योजना है. करोना काल में 2 करोड़ से अधिक लोगों को जो विदेशों में फंसे हुए थे, उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया. रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के बीच से भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया. वन नेशन वन राशन कार्ड लागू किया गया. दुनिया का सबसे बड़ा स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत योजना गरीबों के लिए वरदान साबित हो रहा है. प्रधानमंत्री आवास गरीबों तक पहुंच रहा है. शौचालय का निर्माण कराया गया है. गरीबों के घरों तक एलपीजी कनेक्शन और चूल्हा पहुंचाया गया. 9 वर्षों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में एम्स से लेकर कई मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया जो एक बड़ी उपलब्धि है. 2014 के पहले 74 एयरपोर्ट थे 2014 के बाद 9 वर्षों में 74 नए एयरपोर्ट बनाए गए. रोड कनेक्टिविटी के साथ-साथ जलमार्ग का भी विकास किया गया. इस तरह से कहा जाए तो 9 वर्षों में विकास की लंबी फेहरिस्त है और यह सब नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ही संभव हो पाया है.

    इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 में जब भारत अपनी आजादी की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा. तो भारत विकसित देश की श्रेणी में रहेगा. यही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है और इसी सोच के तहत देश का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है.

    रिपोर्ट. पंचम झा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news