झारखंड के 45 हजार युवाओं के बदलेंगे दिन, सरकार देगी नौकरी


रांची(RANCHI): आने वाले दिनों में झारखंड के 45 हजार युवाओं के दिन बदलने वाले हैं. हेमंत सरकार जल्द ही युवाओं को विभिन्न विभागों में नौकरी देने वाली है. सरकारी क्षेत्र में विभिन्न विभागों में 45 हजार पदों पर नियुक्ति प्रक्रियाधीन है. इसकी घोषणा राज्य के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने 75वें गणवतंत्र दिवस के अवसर पर राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में की. बता दें कि जब से झारखंड में हेमंत सरकार बनी है तब से युवाओं को रोजगार देने के प्रति सरकार चिंतित है. हेमंत सरकार बीते चार साल में विभिन्न क्षेत्रों में चाहे सरकारी हो या निजी क्षेत्रों में लगातार नौकरी दे रही है. सरकार खुद ही युवाओं को नियुक्ति पत्र भी बांट रही है. हेमंत सरकार का लक्ष्य है कि राज्य के युवाओं को रोजगार मिले और वे आर्थिक रूप से सशक्त बनें. युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार विभिन्न योजनाएं भी चलाई है. जिसके माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा मिल रहा है. युवाओं के बीच स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सीएमईजीपी जैसी योजना को लाया है.
राज्यभर में आयोजित किए जा रहे हैं रोजगार मेला
गणतंत्र दिवस पर रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है. राज्यभर में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं. राज्यपाल ने कहा कि अब तक 27 हजार युवाओं को नियुक्ति प्रदान की गई है. 75 प्रतिशत स्थानीय युवाओं को रोजगार मुहैया कराना निजी कंपनियों को आवश्यक है.
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया झंडोत्तोलन
75वें गणतंत्र दिवस पर झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने रांची के मोरहाबादी में झंडोत्तोलन किया. मौके पर राज्यपाल ने परेड की सलामी ली. इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से आकर्षक झांकियां भी निकाली गई. वहीं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उपराजधानी दुमका के पुलिस लाईन मैदान में झंडोत्तोलन किया. इसके बाद उन्होंने परेड की सलामी ली. मौके पर आकर्षक झांकियां भी निकाली गई।
आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम से लाभुकों को मिला योजनाओं का लाभ
राज्यपाल ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी मशीनरी द्वारा पंचायतों तक जाकर योजनाओं को लाभुकों तक पहुंचाया जा रहा है. राज्य के सभी परिवारों को अपने आवास के सपने को साकार करने हेतु हमारी सरकार आगामी तीन वर्षों में कुल आठ लाख परिवारों को राज्य संपोषित अबुआ आवास योजना एवं पीएम आवास योजना से लाभान्वित करने जा रही है. इस वित्तीय वर्ष में दो लाख योग्य परिवारों को इस योजना से लाभान्वित किया जाएगा. महिला सशक्तिकरण सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है. मनरेगा योजना के अंतर्गत महिलाएं मेट एवं बागवानी सखी के रूप में कार्य कर रही है. इससे मनरेगा में मानव श्रम में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 48 प्रतिशत हो गई है.
हेमंत सोरेन ने गिनाईं उपलब्धियां
इधर, उपराजधानी दुमका में आयोजित मुख्य समारोह को संबोधित करते हुए सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि करीब 60 युवाओं को निजी क्षेत्रों में विभिन्न कैंपों में खुद जाकर मैंने नियुक्ति पत्र सौंपा. अब तक एक लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी मिली. उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन से जुड़ी हमारी समृद्ध परंपरा और प्रकृति के सामंजस्य बनाकर जीने की हमारी जीवन शैली संपूर्ण मानव जाति को ज़ीने की सच्ची राह दिखाती है. सीएम ने कहा कि चार साल के शासन काल में सरकार ने लाखों राज्यकर्मियों के लिए पुरानी पेंशन योजना शुरू की है. 35 लाख जरूरतमंदों को पेंशन, 20 लाख अतिरिक्त लोगों को राशन और 57 लाख से अधिक लोगों को सरकार वर्ष में दो बार वस्त्र प्रदान कर रही है.
रिपोर्ट: संजीव ठाकुर
4+