सीमेंट दुकान पर हवाई फायरिंग और लाखों रुपए रंगदारी के मामले में अपराधियों की हुई पहचान


पलामू(PALAMU): हैदरनगर थाना क्षेत्र के रेलवे गुमटी के समीप दिनदहाड़े बाइक सवार दो अपराधियों ने व्यवसायी की दुकान पर व आसमानी फायरिंग की और हवा में पिस्टल लहराते हुए फरार हो गए. अपराधियों ने दो व्यवसायी भाइयों के नाम 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग पर्चा फेक कर की है. घटना के बाद हैदरनगर थाना पुलिस ने एक अपराधी बिट्टू सिंह उर्फ सुधीर सिंह की पहचान कर ली है.

थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा ने दोनो व्यवसाई भाईयो से जानकारी लेने के बाद अन्य अपराधियों का भी सुराग लगाने में जुट गए हैं. थाना प्रभारी अजीत कुमार मुंडा ने बताया कि घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर ली गई है. अपराधकर्मी बिट्टू सिंह उर्फ सुधीर सिंह, पिता पृथ्वी सिंह ,ग्राम बिंदु बिगहा, हैदरनगर का निवासी है. इसके खिलाफ हैदरनगर कांड संख्या 14/22, दिनांक 11/02/2022 धारा 307/34 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट में जेल जा चुका है. इस मामले में आरोप पत्र भी समर्पित किया गया है. उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष से आवेदन प्राप्त कर प्राथमिकी दर्ज की गई है. अपराधियों की शिनाख्त कर धर पकड़ की कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि जल्द ही पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी.
उधर घटना से व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. घटना मंगलवार की सुबह 8 बजकर 21 मिनट की है. हैदरनगर बाजार से रेलवे गुमटी जाने वाले मेन रोड पर प्रसिद्ध व्यवसायी अनिल लाल अग्रवाल व सुनील लाल अग्रवाल की सीमेंट दुकान के पास अपराधियों ने हवाई व दुकान के सामने फायरिंग की. चार पर्चा फेंक भाग गए.अपराधी अपाछी बाइक पर सवार थे. उन्होंने नकाब भी नही पहना हुआ था. पर्चा में दोनों व्यवसायी भाइयों से 50-50लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई है. साथ ही पुलिस को सूचना देने पर अंजाम भुगतने की बात लिखी है.
घटना की जिम्मेदारी बिटू सिंह ने ली है. घटना के बाद व्यवसायी भाइयों ने पुलिस को सूचना दी गई है. पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से व्यवसायों ने संतोष जताया है. उन्होंने घटना में शामिल अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पलामू के पुलिस अधीक्षक से की है.
रिपोर्ट: जफ़र हुसैन,पलामू
4+