अपराधियों ने दिनदहाड़े युवक पर चलाई गोली, गंभीर स्थिति में इलाजरत, आपसी रंजिश में फायरिंग की आशंका


देवघर (BOKARO): देवघर में एक बार फिर से अपराधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है. मंगलवार को शहर के नगर थाना क्षेत्र में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया. यहां के सनबेल बाजार में अपराधियों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोला मारी और मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोग उसे गंभीर हालत में सदर अस्पताल ले गए, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया. सूचना पर एसपी सुभाष चंद्र जाट दल-बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली.
घटनाक्रम
अपराधियों ने सरेआम 21 वर्षीय राहुल परिहस्त को गोली मार कर घायल कर दिया. बताया जा रहा है राहुल दिन में खाना खाने के बाद अपने घर के समीप ही एक मित्र से मिलने गया था. उसी दौरान तीन चार युवक वहां पहुंचे और उसमें से एक युवक ने उस पर गोली चला दी. गोलीबारी की घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी, वहां से फरार हो गए. एसपी ने बताया कि राहुल अपराधी किस्म का है और यह कुख्यात बाबा परिहस्त गैंग का सदस्य है. गोली मारने के कारणों का अभी तक पता नहीं चला है. मामले की अनुसंधान की जा रही है. पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गोली मारने वाले ग्रुप की पहचान कर ली गई है. इधर गोलीबारी की घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है. दो गैंग के बीच आपसी रंजिश से इस तरह की घटना होने की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता है.
रिपोर्ट: रितुराज सिन्हा, देवघर
4+