संसद में राहुल गांधी के भाषण पर घमासान, अब इस्लामिक धर्मगरुओं ने भी जताई आपत्ति, बीजेपी करेगा विरोध प्रदर्शन

    संसद में राहुल गांधी के भाषण पर घमासान, अब इस्लामिक धर्मगरुओं ने भी जताई आपत्ति, बीजेपी करेगा विरोध प्रदर्शन

    TNP DESK:संसद में राहुल गांधी के दिए भाषण पर देश में घमासान मचा हुआ है. एक तरफ जहां बीजेपी और हिंदू खेमा उन पर हमला बोल रहा है, वहीं अब इस्लामिक धर्म गुरुओं ने भी एक बात पर आपत्ति जताई है. वहीं बीजेपी युवा मोर्चा ने पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.

    ऑल इंडिया सूफी सज्जादानशीन काउंसिल के अध्यक्ष नसीरुद्दीन चिश्ती ने राहुल गांधी के 'अभय मुद्रा' वाले बयान को खारिज कर दिया है. उन्होंने इसकी निंदा की है और कहा है कि इस्लाम में ऐसा कुछ नहीं कहा गया है. उन्होंने इसकी निंदा करते हुए अभय मुद्रा को इस्लाम से जोड़ने को गलत बताया है और कांग्रेस नेता से अपने बयान को सही करने की मांग की है.

    क्या कहा इस्लामिक धर्मगरुओं ने

    नसीरुद्दीन चिश्ती मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'राहुल गांधी ने संसद में जो बयान दिया है, जिसमें उन्होंने अभय मुद्रा का जिक्र किया है. अभय मुद्रा को इस्लाम से जोड़ना बिल्कुल गलत है. उन्होंने इस्लाम में प्रार्थना करने की तुलना अभय मुद्रा से की है, जो बिल्कुल गलत है. इस्लाम में मूर्ति पूजा नहीं होती, हां हिंदू धर्म में विभिन्न मुद्राओं का जिक्र है और देवी-देवताओं की पूजा की जाती है, लेकिन इस्लाम में पूजा-अर्चना नहीं होती. इसलिए अभय मुद्रा को इस्लाम से जोड़ना इस्लाम के मूल सिद्धांत के खिलाफ है. शायद राहुल गांधी ने कांग्रेस पार्टी के प्रतीक को अभय मुद्रा कहने की कोशिश की है, लेकिन इसे इस्लाम से जोड़ना गलत है. मैं इसकी निंदा करता हूं, उन्हें अपना बयान सुधारना चाहिए.'

    इससे पहले अजमेर शरीफ के गद्दी नशीन हाजी सैयद सलमान चिश्ती ने भी राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने एएनआई से बात करते हुए कहा, 'हमने राहुल गांधी का बयान सुना है जिसमें उन्होंने अभय मुद्रा को इस्लामी प्रार्थना से जोड़ा है. लेकिन इस्लाम में ऐसा कहीं नहीं कहा गया है. राहुल गांधी को समझना चाहिए कि आस्था में प्रतीकात्मकता क्या होती है. इस्लाम में हम मानते हैं कि अल्लाह स्वर्ग और धरती का निर्माता है. लेकिन उसकी कोई छवि या प्रतीकात्मकता नहीं है.'

    सदन में क्या कहा राहुल गांधी ने

    लोकसभा में विपक्ष का नेता बनने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सदन में अपने पहले भाषण में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के हर वर्ग और व्यक्ति को डरा रहे हैं, जबकि कांग्रेस का प्रतीक भगवान शिव, इस्लाम, गुरु नानक, महात्मा बुद्ध, महावीर की 'अभय मुद्रा' है जो देश में सत्य, अहिंसा और निर्भयता फैला रही है. राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा में विपक्ष का नेतृत्व करते हुए राहुल ने भगवान शंकर, गुरु नानक देव, महात्मा बुद्ध, महावीर, इस्लाम में पूजा के हाथों की तस्वीरें दिखाईं और भारतीय जनता पार्टी पर हिंसा और नफरत फैलाने का आरोप लगाया.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news