सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेसियों ने गुमला में दिया धरना

    सोनिया गांधी से ईडी की पूछताछ के विरोध में कांग्रेसियों ने गुमला में दिया धरना

    गुमला (GUMLA): कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को ईडी ने राजनीतिक दुराग्रह और प्रतिशोध के मातहत पूछताछ के लिए समन जारी किया था. इसके विरोध में शुक्रवार को देशभर के सभी जिला मुख्यालयों में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया. इससे पहले 21 जुलाई को सभी राज्यों की राजधानी में ईडी कार्यालय का घेराव और सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किया गया था. झारखण्ड के सभी 24 जिलों में ईडी की पक्षपात पूर्ण कार्रवाई के खिलाफ शुक्रवार को धरना दिया गया. कांग्रेस अध्यक्ष देश की सर्वमान्य नेता सोनिया गांधी के साथ सामूहिकता के साथ खड़े रहने की प्रतिबद्धता जताई है. संगठन सशक्तीकरण अभियान के संयोजक आलोक कुमार दूबे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आज गुमला पहुंचे. जहां जिलाध्यक्ष समेत अन्य पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया.

    राजनीति से प्रेरित है ईडी की कार्रवाई - आलोक कुमार दूबे

    मौके पर आलोक कुमार दूबे ने कहा कि ‘नेशनल हेराल्ड’ के राष्ट्रवादी लेखों की वजह से अंग्रेजी हुकूमत ने इस अखबार को कई सालों के लिए बैन कर दिया था. आज मोदी सरकार भी उसी राह पर चलकर उससे जुड़े लोगों को परेशान कर रही है. कहा कि यह देश का पहला उदाहरण है, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर एक रुपये भी लेने या देने का कोई मामला नहीं बनता है, फिर भी उन पर मनी लौंड्रिंग का मामला दर्ज किया गया है. दुराग्रह और राजनीति से प्रेरित ईडी की कार्रवाई सभी को चौंकाने वाली है. उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस भी इसी तरह की कार्रवाई करती, तो आज प्रधानमंत्री समेत बीजेपी के कई नेता जेल के सलाखों के पीछे चक्की पीस रहे होते.बताया कि कांग्रेस प्रभारी अविनाश पांडेय के निर्देशानुसार आज सभी जिला मुख्यालयों में प्रदर्शन किया गया. साथ ही कल जिस तरह से राज्य मुख्यालय में ईडी कार्यालय के घेराव को पार्टी कार्यकर्त्ताओं के सामूहिक नेतृत्व ने सफल बनाया था, उसे लेकर सभी के प्रति आभार व्यक्त किया.

    गुमला कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष ने की  बैठक की अध्यक्षता

    बैठक की अध्यक्षता करते हुए गुमला जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष रौशन बरुवा ने कहा देश में महंगाई चरम पर है. बेरोजगारी ने देश के युवाओं के भविष्य पर ग्रहण लगा दिया है. अर्थव्यवस्था और जीडीपी निरंतर गिरती जा रही है. विधायकों को करोड़ों रुपये में खरीदे जा रहे हैं. जिसकी मुखालफत हमारे नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी कर रहे हैं जिसकी सजा केन्द्र सरकार द्वारा दी जा रही है. कहा लोकतांत्रिक तरीके से हमारा सत्याग्रह और विरोध जारी रहेगा.

    राजनीति में पनप रहा नफरत

    वरीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने कहा एक वो दौर था, जब संवैधानिक संस्थाओं के प्रति आमजनों में आदर, सम्मान और प्रतिष्ठा के भाव हुआ करते थे, लेकिन आज लोगों में संवैधानिक संस्थाओं को लेकर नफरत और आक्रोश पनप रहा है. जिसका नतीजा है कि हमारी संस्थायें और लोकतंत्र कमजोर हो रही हैं. हम अपने नेता सोनिया गांधी के लिए भाजपा से हर चुनौतियों का सामना करने को तैयार हैं.

    सौंपा ज्ञापन

    जिला वरीय कांग्रेस उपाध्यक्ष मानिक चंद साहू के नेतृत्व में धरना समाप्ति के उपरांत कांग्रेसियों ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम के नाम ज्ञापन भी सौंपा. सभा का संचालन गुमला जिला कांग्रेस कमिटी के महासचिव मुरली मनोहर प्रसाद ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीप नारायण उरांव ने किया.

    रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह, गुमला


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news