रांची मेयर चुनाव में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, रमा खलखो ने भरा नामांकन


रांची (RANCHI): रांची नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. राज्य के हर गली हर मोहल्ले में निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज हो चुकी है इसी कड़ी में आज झारखंड प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और कांग्रेस समर्थित मेयर प्रत्याशी रमा खलखो ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है. नामांकन के मौके पर निकाली गई रैली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, समर्थकों और नेताओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरे इलाके में चुनावी माहौल उत्साह से भर गया.
रमा खलखो के नामांकन को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है. समर्थकों ने नारेबाजी और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि रमा खलखो रांची नगर निगम में अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक दक्षता, सहज व्यवहार और विकास को प्राथमिकता देने के कारण जनता के बीच मजबूत पकड़ बना चुकी हैं. यही वजह है कि उनके नामांकन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा जोश नजर आया.
नामांकन कार्यक्रम में राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह और शिल्पी नेहा तिर्की की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और मजबूती दी. मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि रमा खलखो के नेतृत्व में जनसेवा और विकास को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने भरोसा जताया कि संगठन की एकजुटता और जनता के समर्थन से रांची को एक समावेशी और प्रगतिशील नेतृत्व प्राप्त होगा. वहीं मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी रमा खलखो को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके संकल्प और अनुभव से शहर के विकास को गति मिलेगी.
इस अवसर पर पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोध कांत सहाय, कुमार राजा, सुरेश बैठा सहित कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. नेताओं ने रमा खलखो को चुनाव में जीत दिलाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रमा खलखो का नामांकन रांची नगर निगम चुनाव में पार्टी के लिए अहम मोड़ साबित हो सकता है. अब सभी की नजरें चुनावी मुकाबले और आने वाले दिनों की राजनीतिक गतिविधियों पर टिकी हुई हैं.
4+