बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, केंद्र सरकार पर जमकर बोला हमला


पलामू(PALAMU): हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र के जपला जयप्रकाश चौक और हैदर नगर रेलवे गुमटी पर प्रखंड कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में बेतहाशा महंगाई के खिलाफ हल्ला बोल कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें बतौर मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉक्टर एम तौसीफ शामिल हुए.
डॉक्टर तौसीफ ने कहा कि केंद्र सरकार के द्वारा जिस तरह से लगातार बेतहाशा महंगाई की जा रही है. इससे देश की आम जनता परेशान है. रोजमर्रा की चीजों को खरीदने में सभी के घर के बजट गड़बड़ा गए है. गैस-सिलिन्डर, डीजल, पेट्रोल, रेल, बस/ट्रांसपोर्टिंग कराया, साग-सब्जी हर चीज की कीमतें कई गुना बढ़ा दी गई है. हद तो तब हो गई, जब दूध-दही, पनीर जैसी चीजों पर GST लागू कर दिया गया.
“पूंजीपतियों के 10 लाख करोड़ का लोन किया गया माफ”
उन्होंने कहा कि बीजेपी की केंद्र सरकार की मंशा साफ है. इस महंगाई के पीछे कई राज है. सरकार का मकसद रोजमर्रा की चीजों के मूल्य में वृद्धि करके गरीबों के पैसे को लूटना और इस पैसे से अपने पूंजी पति मित्रों को फायदा पहुंचाना है. डॉक्टर तौसीफ ने कहा कि जब से केंद्र में भाजपा की मोदी सरकार बनी है तब से अब तक मोदी जी ने अपने पूंजीपति मित्रों के बैंक लोन 10 लाख करोड़ माफ कर दिया है. जिस के पैसे से इन्होंने अपने मित्रों का कर्ज माफ किया गरीबों का पैसा लूटकर इस काम को अंजाम दिया.
इस मौके पर पलामू जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष बिट्टू पाठक ने कहा कि आज देश की हालत अच्छी नहीं है. उसके जिम्मेदार देश के प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी हैं. उन्होंने देश के युवाओं के हांथ में कटोरा थमाने का पूरा खाका तैयार कर लिया है. आज देश में करोड़ों-करोड़ की तादाद में युवा बेरोजगार हैं. भारत सरकार के सभी संस्थानों को अपने पूंजीपति मित्रों के हांथ गिरवी रख दिया है.
रिपोर्ट: जफ़र हुसैन, पलामू
4+