मासूम बच्चे की हत्या की दोषी महिला को आजीवन कारावास की सजा , 10 हजार आर्थिक जुर्माना भी


चाईबासा (CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र में एक साल पहले पांच वर्ष के एक लड़के की हत्या कर बक्से में बंद कर उसके शव को तालाब में फेक दिया गया था. इसी मामले में व्यवहार न्यायलय चाईबासा कोर्ट ने दोषी वासिदा खातून को आजीवन कारावास की सजा सुनायी है. इसके साथ ही 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. अदालत ने 15 गवाहों को सुनने के बाद वासिदा खातून को दोषी मानते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनायी है. प्रधान जिला और सत्र न्यायाधीष विश्वनाथ शुक्ला की अदालत ने मझगांव निवासी वासिदा खातून को 5 साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या करने के मामले में दोषी करार दिया है.
बक्से में बंद तलाब में तैरता मिला बच्चे का शव
मृतक बच्चे के पिता मुजफ्फर हयात के बयान पर 30 सितम्बर 2021 को मझगांव थाना में मामला दर्ज किया गया था. इसमें मुजफ्फर हयात ने कहा था कि 29 सितम्बर 2021 शाम जब वह घर आया तो पत्नी मजहबी ने बताया कि 5 वर्षीय बेटा रेहान अभी तक घर नहीं आया है. मुजफ्फर बेटे को खोजने निकल गया. रातभर पूरे गांव खोजने के बाद बेटा नहीं मिला, तो घर वापस आ गया था. दूसरे दिन मुजफ्फर हयात फिर बेटे को खोजने घर से निकला. उसी दौरान उसे पता चला कि गांव के तालाब में एक बक्सा पानी में देखा गया है. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने तालाब से बक्से को निकाला, तो बक्से में रेहान का शव मिला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था.
आपसी विवाद बना हत्या का कारण
जानकारी के अनुसार आरोपी महिला वासिदा खातून हमेशा बच्चे के पिता मुजफ्फर हयात के पास कपड़ा सिलवाने के बहाने जाती थी. महिला की यह हरकत बच्चे की मां मजहबी को पसंद नहीं आ रही थी. इसी को लेकर बच्चे के मां मजहबी और वासिदा खातून के बीच हमेशा विवाद होता रहा था. इसी प्रतिशोध में वासिदा ने मजहबी के 5 वर्षीय बेटा रेहान की गला दबाकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए बच्चे के शव को बक्से में बंद कर तालाब में डाल दिया.
रिपोर्ट: संतोष वर्मा, चाईबासा
4+