BREAKING: बागी उम्मीदवारों पर अब चलेगा चाबुक, धनबाद के संजीव सिंह समेत तीन और प्रदेश के डेढ़ दर्जन को नोटिस


धनबाद(DHANBAD): निकाय चुनाव में बागी बन इलेक्शन लड़ रहे लोगो के खिलाफ भाजपा अब एक्शन के मूड में दिख रही है, झारखंड के डेढ़ दर्ज़न से अधिक लोगो को नोटिस जारी किया गया है. जानकारी के अनुसार धनबाद में भाजपा के तीन लोगों को नोटिस जारी किया गया है. इन्हें कारण बताने को कहा गया है. नोटिस में कहा गया है कि पार्टी के संज्ञान में आया है कि आप लोगों ने पार्टी समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरकर पार्टी के निर्देश का उल्लंघन किया है. ऐसे में क्यों नहीं आपके खिलाफ कार्रवाई की जाए. धनबाद में यह नोटिस पूर्व विधायक संजीव सिंह, मुकेश पांडे और भृगुनाथ भगत को जारी किया गया है.
यह पत्र प्रदेश महामंत्री सह सांसद प्रदीप वर्मा के हस्ताक्षर से जारी हुआ है. पत्र 12 फरवरी की तिथि से निर्गत है. जवाब देने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है. मतलब मतदान के पहले बागी उम्मीदवारों को पार्टी के सामने अपना पक्ष रखना होगा। बता दें कि झारखंड नगर निकाय चुनाव में राजनीति चरम पर है. दलीय आधार पर चुनाव नहीं हो रहा है, लेकिन दलों ने किसी न किसी उम्मीदवार को समर्थन दिया है. धनबाद में संजीव अग्रवाल को भाजपा ने समर्थन दिया है.
संजीव अग्रवाल के खिलाफ झरिया के पूर्व भाजपा विधायक संजीव सिंह, भाजयुमो के पूर्व जिला अध्यक्ष मुकेश पांडे और भाजपा नेता भृगुनाथ भगत चुनाव लड़ रहे हैं. सूत्र बताते हैं कि झारखंड के जिन-जिन जिलों में समर्थित उम्मीदवार के खिलाफ भाजपा नेता चुनाव लड़ रहे हैं, उन्हें नोटिस भेज कर जवाब मांगा गया है. इसमें धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर, चाईबासा समेत कई जिलों के बागी उम्मीदवार शामिल हैं.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
4+