भाजपा खोलेगी हेमंत सरकार की पोल, सात सदस्यीय समिति जारी करेगी आरोप पत्र

    भाजपा खोलेगी हेमंत सरकार की पोल, सात सदस्यीय समिति जारी करेगी आरोप पत्र

    रांची (RANCHI): झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के दूसरे कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर प्रदेश भाजपा ने सरकार की नाकामियों को उजागर करने की तैयारी शुरू कर दी है. इस सिलसिले में पार्टी की ओर से एक सात सदस्यीय आरोप पत्र समिति का गठन किया गया है, जो राज्य सरकार के खिलाफ आरोप पत्र तैयार करेगी.

    इस समिति में भाजपा विधायक और विधानसभा में मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद एवं प्रवक्ता गीता कोड़ा और अंत्योदय के संपादक रविनाथ किशोर को शामिल किया गया है.

    प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद आदित्य साहू ने कहा कि जनता हेमंत सरकार की वादा खिलाफी, भ्रष्टाचार और कमजोर कानून व्यवस्था से परेशान है. भाजपा आरोप पत्र के माध्यम से इन मुद्दों को जनता के सामने रखेगी.

    वहीं, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सरकार एक बार फिर किसानों के साथ विश्वासघात करने की तैयारी में है. सरकार धान पर दिए जाने वाले बोनस में कटौती की योजना बना रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव से पहले किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने का वादा किया गया था, लेकिन अब 2400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद की जा रही है और उस पर भी 19 रुपये प्रति क्विंटल की कटौती का प्रस्ताव है.

    मरांडी ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के बोनस में कटौती की गई, तो भाजपा सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन छेड़ेगी और किसानों के हक में किसी तरह का समझौता नहीं करेगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news