चाईबासा में पुलिस और सीआरपीएफ की बड़ी कामयाबी, तीन नक्सली गिरफ्तार, आईईडी विस्फोटक बनाने का सामान बरामद

    चाईबासा में पुलिस और सीआरपीएफ की बड़ी कामयाबी, तीन नक्सली गिरफ्तार, आईईडी विस्फोटक बनाने का सामान बरामद

    चाईबासा(CHAIBASA): पश्चिमी सिंहभूम जिले में पुलिस और सीआरपीएफ की टीम को बड़ी सफलता मिली है. दरअसल भाकपा माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ऑपरेशन के तहत सुरक्षा बलों ने तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया है. साथ ही नक्सलियों की निशानदेही पर विस्फोटक बनाने का सामान सहित भारी मात्रा में अन्य सामान बरामद हुआ है. 

    विशेष ऑपरेशन  के दौरान तीन नक्सली गिरफ्तार 

    बता दें कि पिछले 10 अक्टूबर से पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो और गोइलकेरा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों की ओर से नक्सलियों के खिलाफ विशेष ऑपरेशन चलाया जा रहा है. इसी क्रम में सुरक्षा बालों को जंगल में नक्सलियों के होने की गुप्त सूचना मिली थी. जिसके बाद पुलिस और CRPF की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर टोंटो थाना क्षेत्र के हुसीपी गांव से तीन नक्सलियों को गिरफ्तार किया. पकड़े गए नक्सलियों में टोंटो थाना क्षेत्र के हुसीपी का डेबाय पुरती  और जुरिया बहांदा उर्फ माटा और गोईलकेरा थाना क्षेत्र के बोयपाईससांग गांव का लेबिया बोईपाई शामिल है. 

    आईईडी विस्फोटक बनाने का सामान बरामद

    वहीं गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि माओवादियों द्वारा अंजाम दिए गए कई घटनाओं में यह तीनों नक्सली शामिल रहे हैं. पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार किया है. इनकी निशानदेही पर आईईडी विस्फोटक बनाने का सामान बरामद किया गया है. उन्होंने बताया कि कोल्हान के जंगल में सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए ये नक्सली आईईडी विस्फोटक और स्पाईक होल बनाते हैं. इससे जुड़ा सारा सामान बरामद हुआ है. 

    इन सभी मामलों में तीनों नक्सलियों की रही है संलिप्तता 

    वहीं इस मामले में एसपी ने बताया कि गोइलकेरा के हाथीबुरू पुलिस कैंप पर हमला, टोंटो और गोइलकेरा थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए आईईडी, डायरेक्शनल बम और प्रेशर बम लगाने के मामले, गुवा थाना क्षेत्र में मैगजीन लूट कांड, पुलिस पिकेट हाथीबुरू में राशन लेकर जा रहे ट्रैक्टर को उड़ाने सहित अन्य मामलों में ये तीनों नक्सली आरोपी हैं. 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news