बरकाकाना रेलवे स्टेशन रोड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 75 दुकान–मकान किए गए खाली

    बरकाकाना रेलवे स्टेशन रोड पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 75 दुकान–मकान किए गए खाली

    रामगढ़ (RAMGARH): बरकाकाना रेलवे स्टेशन चौक से फुटबॉल मैदान तक बुधवार को रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. यह कार्रवाई हनुमान मंदिर के आगे वाले हिस्से से शुरू की गई. रेलवे की ओर से बताया गया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार नोटिस और अल्टीमेटम देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया था, जिसके बाद यह कदम उठाया गया.

    रेल प्रशासन ने अभियान से पहले लाउडस्पीकर के माध्यम से दुकानदारों और मकान मालिकों को एक घंटे का समय दिया, ताकि वे अपना सामान हटा सकें. इसके बाद दुकानदारों ने स्वयं अपनी दुकानों से सामान निकालना शुरू किया. इस अभियान के तहत करीब 75 दुकानों और मकानों को अतिक्रमण मुक्त किया गया.

    स्थानीय लोगों के अनुसार, कई दुकानदार पिछले 50 से 60 वर्षों से यहां अपनी दुकानें चला रहे थे. अतिक्रमण हटाए जाने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह जमीन रेलवे की है और लंबे समय से अवैध कब्जा बना हुआ था.

    अभियान के दौरान पतरातू अंचल अधिकारी मनोज चौरसिया मौके पर मौजूद रहे. किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए रेलवे प्रशासन के साथ आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस बल और स्थानीय ओपी पुलिस की तैनाती की गई थी. पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे.

    रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से स्टेशन रोड पर यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और यात्रियों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी. वहीं प्रशासन ने साफ किया है कि रेलवे भूमि पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

    रिपोर्ट: अनुज कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news