दहेज के लिए बलि चढ़ गई हुसैनाबाद की एक और बेटी, पिता ने सास व ननद पर लगाया हत्या का आरोप


पलामू (PALAMU): हुसैनाबाद से एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. जहां एक बेटी ने दहेज की मांग के कारण अपनी जान गंवा दी है. दहेज को लेकर सास और ननद ने मिलकर अपनी गर्भवती बहु की हत्या गला दबाकर कर दी है. ये आरोप मृतिका के पिता द्वारा लगाए जा रहे हैं. दरअसल, हुसैनाबाद के देवरी रोड में छोटी कुमारी (19 वर्षीय) अपने कमरे में मृत पाई गई. घटना शनिवार की है. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि, छोटी कुमारी का पति सुभाष शर्मा हुसैनाबाद की एक दुकान में काम कर रहा था. इसी बीच सुभाष की मां ने उसे फोन कर बताया कि उसकी पत्नी छोटी कुछ बोल नहीं रही है. जिसके बाद घर पर एंबुलेंस भी मंगाया गया. लेकिन एंबुलेंस आने पर घर के लोगों ने कहा कि मरीज ठीक है अस्पताल नहीं जाना है. वहीं, जब सुभाष अपने घर पहुंचा तो पाया कि उसकी पत्नी जो सात माह की गर्भवती है मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ी है. जिसके बाद सुभाष ने इस घटना कि सूचना अपने ससुर और हुसैनाबाद थाने में दी..jpg)
वहीं, हुसैनाबाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेजा. पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया. मृतिका के पिता देवेंद्र शर्मा का कहना है कि उनकी बेटी ने हुसैनाबाद के देवरी रोड निवासी सुभाष शर्मा के साथ जुलाई 2023 में प्रेम विवाह किया था. इस कारण घर के लोगों ने सुभाष शर्मा को घर से निकाल दिया था. शादी के बाद दोनों किराए के मकान में रहते थे.
लेकिन एक दिन पहले ही सुभाष अपनी पत्नी छोटी के साथ अपने पिता के देवरी रोड स्थित घर में रहने गया था. इसी बीच शनिवार की शाम जब छोटी का पति काम करने हुसैनाबाद बाजार गया तो सुभाष की माता व सुभाष की बहन ने छोटी को गला दबा कर मार डाला और बीमार होने का नाटक कर एंबुलेंस बुलाया. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है. समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में मृतिका के पिता देवेंद्र शर्मा ने आवेदन नहीं दिया है.

4+