AIIMS देवघर का छठा स्थापना दिवस, बोले राज्यपाल-एम्स बनेगा मिशाल, गंभीर बीमारी के इलाज के लिए नहीं करना होगा मेट्रो सिटी का रुख

    AIIMS देवघर का छठा स्थापना दिवस, बोले राज्यपाल-एम्स बनेगा मिशाल, गंभीर बीमारी के इलाज के लिए नहीं करना होगा मेट्रो सिटी का रुख

    देवघर (DEOGHAR) : झारखंड का एकमात्र एम्स देवघर के देवीपुर में संचालित हो रहा है. यहां धीरे-धीरे वे सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं जिसका लाभ झारखंड और आसपास के राज्यों के मरीजों को मिल रहा है. आज देवघर एम्स अपना 6वां वर्षगांठ मना रहा है. इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया.

    वार्षिक उत्सव का उद्घाटन राज्यपाल, गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे, एम्स अध्यक्ष एमवी पद्मा श्रीवास्तव, एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ सौरभ वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. वार्षिक उत्सव समारोह में राज्यपाल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए. अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि झारखंड का यह एम्स आने वाले दिनों में उन मरीजों के लिए वरदान साबित होगा, जिन्हें अपनी गंभीर बीमारी के इलाज के लिए दिल्ली या अन्य महानगरों में जाना पड़ता है. आने वाले दिनों में जब झारखंड के एकमात्र एम्स में सभी विभाग पूरी तरह से काम करने लगेंगे, तो न केवल झारखंड के लोगों को बल्कि आसपास के राज्यों के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी. एम्स अध्यक्ष पद्मा श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन यह एम्स आने वाले दिनों में बहुत उपयोगी साबित होगा और सर्वश्रेष्ठ होगा. एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने कहा कि सभी को साथ लेकर इस संस्थान में सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा प्रदान की जा रही है और भविष्य में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ और भी बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा. इस अवसर पर एम्स के डॉक्टर, छात्र, कर्मचारी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद थे.

    रिपोर्ट-ऋतुराज सिन्हा

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news