साहिबगंज के फूलवरिया कालीबाड़ी में लगी भीषण आग, चार घर जलकर खाक, पीड़ितों ने प्रशासन से लगाई मदद की गुहार


साहिबगंज (SAHIBGANJ): साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के फूलवरिया कालीबाड़ी गांव में शुक्रवार को एक बार फिर भीषण आगलगी की घटना सामने आई. गैस चूल्हे से लगी चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे मोहल्ले में अफरा तफरी मचा दी. आग इतनी तेजी से फैली कि एक ही परिवार के चार घर पूरी तरह जलकर राख हो गए.
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग की लपटों ने घरों में रखे नकदी, सोने–चांदी के आभूषण, फर्नीचर, टीवी, अनाज, कपड़े और अन्य कीमती सामान को चंद मिनटों में खाक कर दिया. आग की चपेट में आने से अजीत बसाक का कोचिंग सेंटर भी पूरी तरह जल गया, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है.
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. इसके बाद राजस्व विभाग की टीम भी गांव पहुंची और नुकसान का आकलन शुरू किया. अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवारों को शीघ्र ही उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा.
दूसरी ओर, आग से बेघर हुए परिवारों ने जिला प्रशासन से तुरंत राहत और सहायता प्रदान करने की मांग की है.
रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर
4+