जमशेदपुर में टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

    जमशेदपुर में टेंट गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR): भुइयाँडीह स्थित छायानगर इलाके में रविवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नंदन टेंट डेकोरेटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें और धुएं का गुबार देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

    घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी. सूचना पर दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया. कड़ी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया जा सका.

    प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि गोदाम में बड़ी मात्रा में टेंट, सजावटी कपड़े और अन्य डेकोरेशन से जुड़े सामान रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गए. इस हादसे में टेंट डेकोरेटर को भारी आर्थिक नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है.

    राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. दमकल कर्मियों ने समय रहते आग को फैलने से रोक लिया, जिससे आसपास के मकानों और दुकानों को बचा लिया गया.

    फिलहाल स्थानीय प्रशासन और अग्निशमन विभाग की टीम नुकसान का आकलन कर रही है और आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद से इलाके में लोगों के बीच आगजनी को लेकर चिंता का माहौल बना हुआ है.

    रिपोर्ट : रंजीत ओझा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news