आदित्यपुर रेलवे यार्ड में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार मालगाड़ी ने दीवार तोड़ी, खड़ी ट्रेन से जा टकराई

    आदित्यपुर रेलवे यार्ड में बड़ा हादसा: तेज रफ्तार मालगाड़ी ने दीवार तोड़ी, खड़ी ट्रेन से जा टकराई

    सरायकेला (SARAIKELA): सरायकेला जिले के आदित्यपुर में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया. जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 9:45 बजे शर्मा बस्ती की दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार मालगाड़ी अचानक नियंत्रण खो बैठी और आदित्यपुर रेलवे यार्ड की दीवार तोड़ते हुए दूसरी खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों के कई डिब्बे एक-दूसरे पर चढ़ गए और यार्ड की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

    घटना के दौरान यार्ड में काम कर रहे मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी समय रहते सुरक्षित स्थान पर चले गए, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस मालगाड़ी ने टक्कर मारी, वह बिना इंजन के पटरियों पर दौड़ रही थी. आशंका जताई जा रही है कि तकनीकी खराबी या ब्रेक फेल होने की वजह से यह हादसा हुआ.

    सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. फिलहाल क्षतिग्रस्त डिब्बों को हटाने और रेल परिचालन बहाल करने का काम जारी है. रेल प्रशासन ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है, जो यह पता लगाएगी कि आखिर बिना इंजन के मालगाड़ी कैसे चल पड़ी. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई.

    रिपोर्ट : बीरेंद्र मंडल


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news