लेबर मिनिस्टर के घर के आगे दिन भर भूखी बैठी रहीं पोषण सखियां, जानिए क्या है मामला

    लेबर मिनिस्टर के घर के आगे दिन भर भूखी बैठी रहीं पोषण सखियां, जानिए क्या है मामला

    चतरा (CHATRA) : जिले में पांच सूत्री मांगों के समर्थन में झारखंड राज्य अतिरिक्त आंगनबाड़ी सेविका सह पोषण परामर्शी कर्मचारी संघ ने श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता के आवास का घेराव कर एक दिन का उपवास रखा. कार्यक्रम का नेतृत्व संघ की जिलाध्यक्ष सुषमा कुमारी कर रही थी. मौके पर आंदोलित पोषण सखियों ने कहा कि वर्ष 2016 से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण सखी मात्र तीन हजार रुपए प्रति माह पर काम कर रही हैं, जो झारखंड सरकार के श्रम विभाग की निर्धारित न्यूनतम मजदूरी से काफी कम है. इस बाबत संघ ने अपनी मांगों को सरकार के समक्ष रखा. हालांकि, चार साल बीतने के बावजूद मानदेय में अब तक बढ़ोतरी नहीं हुई है. ऐसे में पोषण सखी में आक्रोश व्याप्त है.

    मांग नहीं मानने पर किया जाएगा उग्र आंदोलन

    पोषण सखियों ने कहा कि उनके मानदेय में बढ़ोतरी करते हुए श्रम विभाग की ओर से निर्धारित अति कुशल मजदूरों के समान न्यूनतम मासिक वेतन बढ़ाकर 13 हजार 184 रुपए की जाए. इसके अलावा पोषण सखी की  नियमावली बनायी जाए और हड़ताल अवधि का भी मानदेय भुगतान किया जाए. इतना ही नहीं, आंगनबाड़ी सेविका के समान ही बीमा और अवकाश की सुविधा दी जाए. पोषण सखी के लिए ड्रेस कोड लागू करते हुए योग्यता के आधार पर उच्चतर पदों पर प्रोन्नति देने की मांग संघ ने की है और कहा है कि जल्द ही सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती है तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. आंदोलित पोषण सखियों ने कहा कि सरकार अगर हमारी मांगों को नहीं मानती है तो आंदोलन को और भी उग्र किया जाएगा.

    रिपोर्ट: संतोष कुमार, चतरा

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news