चलती गाड़ी का पीछा कर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में अपहृत को छुड़ाया, अपहरण की पीछे ये थी कहानी

    चलती गाड़ी का पीछा कर पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में अपहृत को छुड़ाया, अपहरण की पीछे ये थी कहानी

    गढ़वा (GARWAH) : बीते दिन हुए आकाशदीप भारती अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. इस अपहरण से जुड़े छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, अपहृत आकाशदीप भारती को भी सही सलामत अपहरणकर्ताओं के चंगुल से छुड़ा लिया है. सभी गिरफ्तार आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया है.

    बता दें कि, जिला मुख्यालय के चिनिया रोड स्थित दुर्गा मेडिकल क्लीनिक से आकाशदीप भारती का अपहरण कर लिया गया था. इस घटना से पुलिस महकमे के साथ पूरे जिले में हड़कंप मच गया था. अपहृत आकाशदीप भारती जिले के डंडई प्रकहंद के रहने वाले हैं और पेशे से ठेकेदार हैं. उनके अपहरण की सूचना उनके पिता मूंगा लाल ने पुलिस को दी थी. इस कांड में तुरंत कार्रवाई करते हुए एसपी ने एसडीपीओ गढ़वा के नेतृत्व में एक कमेटी का गठन किया. इसके बाद पुलिस की टीम ने आरोपियों के लोकेशन को ट्रैक करना शुरू किया. पलामू जिले के चैनपुर थाना पुलिस के सहयोग से अपहृत आकाशदीप भारती को सकुशल बरामद कर लिया गया.

    यहां से हुए बरामद

    आकाशदीप को पलामू में शाहपुर चौक से बरामद किया गया, उसे एसयूवी गाड़ी से रांची की ओर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने अपहरणकर्ताओं की स्विफ्ट डिजायर कार का पीछा कर उसमें बैठे छह अपहणकर्ताओं को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में रांची के अंकुर मिश्र, कासिम रहीम, इम्तियाज, दिलसाज सिद्दीकी, रामगढ़ जिले के जस्सी और बोकारो जिले के मो. दिल्फेकार शामिल है. पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई एसयूवी और स्विफ्ट डिजायर कार को भी बरामद कर लिया है.

    क्या है मामला?

    इस मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि आकाशदीप रांची में ठेकेदारी करता है. इस बीच उसने कुछ लोगों से कर्ज लिया था जिसे वह चुका नहीं रहा था. अपहरणकर्ता अपने पैसे वसूलने के लिए ही उसका अपहरण कर रांची ले जा रहे थे. हालांकि, आकाशदीप के साथ वे सभी क्या करना चाहते थे, ये कहना अभी मुश्किल है. अपहरण एक आपराधिक घटना है, जिसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है.

    रिपोर्ट: शैलेश कुमार, गढ़वा

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news