झारखंड स्टेट सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन, कुल 125 प्रतिभागी कर रहे शिरकत

    झारखंड स्टेट सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन, कुल 125 प्रतिभागी कर रहे  शिरकत

    दुमका (DUMKA) - दुमका के इंडोर स्टेडियम में झारखंड राज्य सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2021 के तहत 17 अक्टूबर से ही मैच खेले जा रहा है. जहां राज्य के कोने-कोने से पहुंचे 125 से ज्यादा प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखा रहे हैं. विजेता बनने की होड़ में यह खिलाड़ी कोर्ट पर जमकर पसीना बहा रहे हैं. साथ ही दर्शक की वाहवाही भी लूट रहे हैं. सवाल उठता है कि आज जो खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, उसमें झारखंड सरकार और बैडमिंटन संघ का कितना योगदान है. इन खिलाड़ियों की माने तो गिने चुने खिलाड़ियों को ही सरकार की तरफ से प्रोत्साहन मिलता है. बाकी जो भी खिलाड़ी हैं अपनी बदौलत ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हैं.

    खिलाड़ियों को चाहिए उचित सहयोग

    कोरोना संकट के दौर में लंबे अरसे बाद इतनी बड़ी प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है. दुमका के इनडोर स्टेडियम में सिंथेटिक मैट कोर्ट पर प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. इसमें से अधिकांश खिलाड़ी ऐसे हैं जो शायद पहली बार सिंथेटिक मैट पर गेम खेल रहे हों. झारखंड के गिने-चुने जिलों में ही खिलाड़ियों को एसोसिएशन की तरफ से हर मोर्चे पर मदद मिल पाती है. एसोसिएशन द्वारा सरकार के स्तर से खिलाड़ियों को सहायता दिलाने का प्रयास तो जरूर किया जाता है, लेकिन जो मदद मिलनी चाहिए, वह नहीं मिल पाती. दुमका के इनडोर स्टेडियम में पहली बार सिंथेटिक मैट लगा है और उम्मीद की जानी चाहिए प्रतियोगिता समापन के बाद कम से कम दुमका के खिलाड़ियों सिंथेटिक मैट पर अभ्यास का मौका मिलेगा. इससे उनकी प्रतिभा में जरूर निखार आएगी. दुमका जिला बैडमिंटन संघ जिस तरह राज्य स्तरीय सीनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप के सफल आयोजन की तरफ बढ़ रही है. उसकी तारीफ जरूर होनी चाहिए और इसके लिए संघ से जुड़े लोग बधाई के पात्र हैं.

    रिपोर्टपंचम झा, दुमका


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news