केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को बड़ा झटका, करीबी नेता अपने समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल

    केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को बड़ा झटका, करीबी नेता अपने समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल

    सरायकेला(SARAIKELA)-केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के साथ राजनीति में आने वाले और उनके करीबी विजय महतो अपने समर्थकों के साथ झामुमो में शामिल हो गए. खरसावां विधानसभा अंतर्गत बांधडीह के रहने वाले नेता विजय महतो और उनके दर्जनों समर्थकों को खरसावां विधायक दशरथ गगराई, झामुमो के जिलाध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो ने माला पहनाकर पार्टी में स्वागत किया. सरायकेला जिले के टाउन हॉल में खरसावां विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान भाजपा छोड़कर आने वाले सभी नेता व कार्यकर्ताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई गई.

    भाजपा के गढ़ में सेंधमारी से  झामुमो खुश

    भाजपा के गढ़ में सेंधमारी कर झामुमो काफी खुश है. विजय महतो को पार्टी में शामिल करने के बाद हर्ष व्यक्त करते हुए खरसावां विधायक दशरथ गगराई ने कहा कि विजय महतो के आने से झामुमो पार्टी काफी मजबूत होगी. इसका सीधा फायदा आने वाले पंचायत चुनाव में पड़ेगा. वहीं झामुमो जिलाध्यक्ष शुभेंदु महतो ने कहा कि झामूमो पार्टी के नीति सिद्धांत से काफी लोग प्रभावित हो रहे हैं. यही कारण है कि दूसरे दलों के नेता भी झामूमो का दामन थाम रहे है. उन्होंने कहा कि विजय महतो ग्रास रूट के नेता है और उनके पार्टी में शामिल होने से पार्टी को काफी फायदा मिलेगा.

    भाजपा पर निशाना साधने से बचते रहें विजय महतो

    वर्ष 1995 में झामुमो छोड़कर भाजपा में अर्जुन मुंडा के साथ आने वाले विजय महतो का भाजपा से काफी पुराना नाता रहा है. वह भाजपा के लिए गम्हरिया प्रखंड के अध्यक्ष भी रहे हैं. साथ ही गम्हरिया प्रखंड के 20 सूत्री अध्यक्ष पद पर भी रह चुके हैं. उनकी केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के प्रति इतनी निष्ठा थी कि वह अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा के सम्मान में हर साल अपने गांव में अर्जुन मीरा कप फुटबॉल प्रतियोगिता करवाते हैं. जिसमें अर्जुन मुंडा भी शामिल होते है. भाजपा छोड़  झामुमो में शामिल होने के बारे में पूछे गए सवाल पर विजय महतो ने कहा कि उनकी भाजपा के प्रति कोई नाराजगी नहीं है. वह दुख में नहीं बल्कि खुशी में भाजपा छोड़कर आए हैं. उन्होंने अर्जुन मुंडा को बड़े भाई की संज्ञा देते हुए कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में उनकी जीत के लिए अपने क्षेत्र से काफी संख्या में बहुमूल्य वोटों को दिलाने में उन्होंने और उनके गांव वालों ने मदद की थी. वह झामुमो के नीति सिद्धांत और खरसावां विधायक दशरथ गहराई के कार्यशैली से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए है.

    रिपोर्ट: विकास कुमार, सरायकेला

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news