मिनी ट्रक ने एक साथ चार बाइकों में मारी टक्कर, एक की मौ'त, चार घायल


पलामू(PALAMU): मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ पर पड़वा थाना क्षेत्र के गाड़ी खास गांव में एक मिनी ट्रक ने एक साथ चार बाइकों में टक्कर मार दी. इस टक्कर में एक बाइक सवार की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गयें. मृतक नंदकिशोर राम पड़वा थाना क्षेत्र के मान आहर का रहने वाला था. मृतक नंदकिशोर राम सीसीएल का सेवानिवृत्त कर्मी था. घटना शुक्रवार की सुबह करीब 9:40 बजे की है.
ये भी पढ़ें:
जानकारी के अनुसार, मेदिनीनगर से माल लोड कर एक मिनी ट्रक पड़वा मोड़ की तरफ जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रही चार बाइकों में उसने धक्का मार दिया. इसमें एक बाइक पर मान आहर के पिता पुत्र मेदिनीनगर जा रहे थे. ट्रक के धक्का से पिता नंदकिशोर राम की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी जबकि पुत्र ललन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. इसके अलावा पीपरा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव के रामयाद सिंह और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बहेरा के संजय सिंह की भी बाइक में धक्का लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. एक अन्य बाइक पर सवार छतरपुर के मनीष यादव और कुंदन यादव को भी मामुली चोट लगी है.
घायलों को भेजा गया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही पडवा थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए भेजा. पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में ले कर शव का पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस मिनी ट्रक और चारों बाइक को जब्त कर थाना ले गयी. घटना के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गये. परिजनों के रोने के चित्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. जानकारी मिलने पर बीडीओ चंद्रदेव प्रसाद, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी ब्रजेश कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे.
रिपोर्ट: जफर हुसैन, हुसैनाबाद(पलामू)
4+