नकली चाबी से चालक ने ही चोरी की कार, डीटीओ के बिचौलिए ने बदला न0. प्लेट , अब सभी पुलिस की गिरफ्त में

    नकली चाबी से चालक ने ही चोरी की कार, डीटीओ के बिचौलिए ने बदला न0. प्लेट , अब सभी पुलिस की गिरफ्त में

    जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) - जमशेदपुर की टेल्को पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का खुलासा किया है. इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में बिरसानगर जोन नंबर 6 रविन्द्र कुमार उर्फ गुड्डू,  गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी चंद्रशेखर जायसवाल उर्फ गुंजन जायसवाल, हरविंद्र सिंह उर्फ मोंटी, तूफान मंडल और शिव कुमार पटेल उर्फ छोटू शामिल है. पुलिस ने इनके पास से चोरी की सुमो कार बरामद की है. जानकारी देते हुए एएसपी सिटी सुधांशु जैन ने बताया कि 21 अप्रैल को अज्ञात चोरों द्वारा टेल्को कॉलोनी स्थित गोल्ड लाइन लॉजिस्टिक कार्यालय के बाहर से सुमो की चोरी कर ली गई थी. अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर लिया है.

    रविन्द्र कंपनी में रह चुका है चालक

    जानकारी देते हुए एएसपी सिटी ने बताया कि रविन्द्र गोल्ड लाइन लॉजिस्टिक में काम कर चुका है. वह चालक का काम करता था और उसी सुमो को चलाता था. उसके पास नकली चाबी भी थी. इसी को लेकर उसने अपने अन्य साथी चंद्रशेखर और शिव कुमार के साथ मिलकर सुमो की चोरी कर ली और उसे हरविंद्र और तूफान की मदद से बेचने वाला था. सुमो को बेचने की डील 1.20 लाख में हुई थी और 40 हजार रूपए एडवांस भी ले लिए. तूफान पूर्व में डीटीओ कार्यालय में दलाली का काम करता था जिससे उसे कार्यालय से जुड़ी हर जानकारी मालूम थी. उसने सुमो का नंबर प्लेट भी बदल दिया था. एएसपी सिटी ने बताया कि चंद्रशेखर पर जिले के थानों में 13 मामले दर्ज है. इसमें हत्या और अपहरण जैसे मामले भी शामिल है.

    अवैध जमीन बेचने में हुआ घाटा तो करने लगे चोरी

    एएसपी सिटी ने बताया कि गोलमुरी में आरोपियों द्वारा एक जमीन को कब्जा कर बेच दिया गया था जहां बाद में टाटा स्टील के द्वारा अतिक्रमण मुक्त किया गया था. यहां सभी को घाटा होने पर सुमो की चोरी का प्लान बनाया गया था. पुलिस ने सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है.

    रिपोर्ट : रंजीत ओझा, जमशेदपुर

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news