पत्रकारिता पर संवाद : जब भी संकट आता है, बड़े अवसर लेकर आता है: हरिवंश


धनबाद(DHANBD): धनबाद प्रेस क्लब, विनोवा भावे कोयलांचल विश्वविद्यालय एवं आईआईटी आईएसएम के पत्रकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आज अमृत महोत्सव सह पत्रकारिता- अतीत, वर्तमान और भविष्य विषयक समसामयिक संवाद का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह मौजूद थे. इस कार्यक्रम में आईआईटी-आईएसएम के निदेशक प्रोफ़ेसर राजीव शेखर, बिनोवा भावे कोयलांचल विश्वविद्यालय पत्रकारिता विभाग के डीन डॉ रजनी, आईआईटी-आईएसएम के पत्रकारिता विभाग के एचओडी डॉक्टर मंतोष पांडे, धनबाद के सांसद पशुपतिनाथ सिंह, विधायक राज सिन्हा, पूर्व मेयर शेखर अग्रवाल सहित काफी संख्या में लोग संवाद कार्यक्रम में मौजूद रहे.
“पत्रकारिता अभी संकट के दौर में है”
प्रोफेसर राजीव शेखर ने कहा कि अब सुबह-सुबह आज के युवा पीढ़ी में चाय के साथ अखबार पढ़ने का शौक लगभग समाप्त सा दिख रहा है. लेकिन, उन्होंने कहा कि सरल भाषा में सही तरीके से किसी भी बात को समझाने का अखबार एक अच्छा माध्यम है. सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि पत्रकारिता ने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं और अभी भी पत्रकारिता संकट के दौर में है. राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने कहा कि यह बात सही है कि प्रिंट मीडिया के सामने संकट है. लेकिन, जब भी कोई बड़ा संकट आता है तो वह अपने साथ अवसर को भी लाता है. प्रिंट मीडिया के लोगों को अपना आईडिया, विचार बदलना होगा और नए ढंग से लोगों को यह बताना होगा कि किस चीज का उनके जीवन पर अभी और आगे क्या प्रभाव पड़ेगा, तो लोग निश्चित रूप से प्रिंट के तरफ खींचे चले आएंगे. कार्यक्रम को डॉक्टर रजनी, डॉ मंतोष पांडे ने भी संबोधित किया. आगंतुकों का स्वागत धनबाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष अशोक कुमार ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन शरद पांडे के हाथों संपन्न हुआ.
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+