"पीएचईडी विभाग के पास 1 इंच भी पानी पाइप नहीं है ऐसे में कैसे करें मरम्मत"


चाईबासा (CHAIBASA) - विभाग चाईबासा के पास वर्तमान समय में एक इंच भी नया पाईप उपलब्ध नहीं है. ऐसी स्थिति में पश्चिम सिंहभूम जिला के विभिन्न पंचायतों के अंदर आने वाले गांवों के खराब चापाकल को वर्तमान में ठीक कर पाना संभव नहीं है. उक्त कथन पीएचईडी विभाग चाईबासा के कार्यपालक अभियंता प्रभु दयाल मंडल का है. उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से जिले में गर्मी चरम पर है. सारंडा समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्राकृतिक जल स्रोत, नदी-नाले सूख रहे हैं. गांवों के अनेक सरकारी चापाकल खराब हैं. लोगों के सामने प्यास बुझाने की बड़ी समस्या और चुनौती बनी हुई है. सरकार के पीएचईडी विभाग ने खराब चापाकल और पेयजल संबंधित संकट से मुक्ति के लिए व्हाट्सऐप नम्बर आदि भी पूर्व में जारी किया है. लेकिन बड़ा सवाल है कि जब विभाग के पास एक इंच भी नया पाईप नहीं है तो वह खराब चापाकल अथवा उसके सड़ चुके पाईप को कैसे बदल कर ठीक करेगी.
जिम्मेवार का कहना है
पीएचडी विभाग के कार्यपालक अभियंता प्रभु दयाल मंडल से जब सुदूरवर्ती गांवों में पेयजल संकट मामले में बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि चापाकल जहां खराब हैं, उसकी सूची अथवा शिकायत भेजिए. हम ठीक करने की कोशिश करेंगे. यह जरुरी नहीं कि ठीक हो ही जाए. क्योंकि अगर चापाकल का पाइप सड़ा होगा तो हम ट्यूब बांध कर ठीक कर चलाने की कोशिश करेंगे. अगर इससे भी नहीं ठीक हुआ तो हम कुछ नहीं कर सकते हैं. क्योंकि हमारे पास एक इंच भी नया पाईप नहीं है. सरकार जब नया पाइप का टेंडर करेगी और हमारे पास नया पाईप आयेगा तब हम पाईप बदलेंगे. आगे उन्होंने कहा कि जो चापाकल खोलेंगे और वह डेड पाया जायेगा अर्थात ओर भरा होगा उसे भी हम रिपेयर नहीं कर पायेंगे, उसे स्पेशल रिपेयर की सूची में डालेंगे. स्पेशल रिपेयर का टारगेट जून-जुलाई में आयेगा जिसके बाद टेंडर कर रिपेयर करेंगे. जिस चापाकल का सिलेंडर, चैन, नट जैसी छोटी-मोटी खराबी होगी उसे ही ठीक किया जा सकता है.
रिपोर्ट : संदीप गुप्ता, गुवा/चाईबासा
4+