बनाही और पतरिया गांव की खेतों में लगी आग, 13 बीघा में तैयार गेहूं की फसल खाक


पलामू (PALAMU) : पलामू से एक बार फिर तैयार गेहूं के फसल जल जाने का मामला सामने आया है, ताजा मामला हैदरनगर थाना के पतरिय व बनाही गांव का है. यहां किसानों के खेत में गेहूं की तैयार फसल में शुक्रवार को आग लग गई.
साल भर की कमाई खाक
बनाही गांव के किसान अमलेश तांतो व कमलेश तांतो के तीन बीघा में गेहूं की फसल खाक हो गई. ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया नहीं तो आग से सैकड़ों एकड़ में लगी फसल खाक हो जाती. ग्रामीणों ने बताया कि बिजली के तार से निकली चिंगारी ने उनकी फसल को खाक कर दिया. किसानों ने बताया कि उनकी साल भर की कमाई आग में जल गई.
पतारिया में दस बीघा में लगी फसल खाक
उधर पतरिया गांव के किसान सुनील सिंह, मदन सिंह, रमाशंकर सिंह, संतोष सिंह, कृष्णा सिंह समेत अन्य किसानों के करीब दस बीघा में तैयार गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई. ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने का कारण पता नहीं लग सका है. किसानों ने इस संबंध में हैदरनगर थाना पुलिस और अंचल कार्यालय में सूचना दे दी है. उन्होंने सरकार से मुआवजा की मांग भी की है.
रिपोर्टर : जफर हुसैन, पलामू
4+