दुमका (DUMKA) : विसु संक्रांति के साथ ही वैशाख माह का आरंभ हो गया है. मानव समाज के कल्याण के लिए और भगवान शिव की कृपा बनी रहे इसके लिए बाबा बासुकीनाथ मंदिर स्थित महादेव के ज्योतिर्लिंग के ऊपर शीतल जल से भरे पांच घड़ों को बांध दिया जाता है. जो कि एक माह तक निरंतर महादेव के ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक करता रहता है.
इस परंपरा से होता है जलाभिषेक
इन पांचों घड़ों में शिवगंगा सरोवर से जल भरकर 5 समुदाय के लोगों द्वारा लाया जाता है. जिसमें गोस्वामी परिवार , धानुक परिवार , पंडा परिवार , पांडेय परिवार, और सरकारी पुजारी परिवार के लोग शामिल होते हैं. साथ ही विसु संक्रांति के अवसर पर बाबा बासुकीनाथ मंदिर में वर्षों से चली आ रही परंपरा के अनुसार माता पार्वती और भगवान शिव को सत्तू, चना, दही, आम एवं गुड़ का भोग भी लगाया जाता है. मान्यता है कि जीव, जड़ ,चेतन महादेव के ज्योतिर्लिंग के अंदर समाहित होता है. ऐसे में वैशाख माह में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक करने से सूर्य की तपिश से संसार को शीतलता प्राप्त होती है. साथ ही वैशाख माह में घड़ा दान अन्न दान करना काफी फलदाई माना गया है.
रिपोर्ट : सुतिब्रो गोस्वामी, जरमुंडी/दुमका
Thenewspost - Jharkhand
4+

