धनबाद के भौरा में एकतरफ आंदोलनकारी तो दूसरी ओर पुलिस की बेरिकेडिंग


धनबाद (DHANBAD) : दिन गुरुवार , भौरा थाना गेट पर एक तरफ आंदोलनकारी तो दूसरी ओर कई थानों की पुलिस. कड़ी धूप और चमड़ी जलती लू का भी कोई असर नहीं. बता दें कि पूर्वी झरिया क्षेत्र में 4 ए पैच आउटसोर्सिंग का काम बंद करने वाले 12 आंदोलनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. सभी को बुधवार की देर रात में परियोजना पदाधिकारी की लिखित शिकायत पर हिरासत में लिया गया. महिलाओं को पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया था लेकिन जबरन महिलाएं पुरुषों के साथ चली गईं, वहीं गुरुवार को हिरासत में लिए गए खेमलाल महतो की दादी का निधन हो गया. उसके बाद ग्रामीण हंगामा शुरू कर दिए. आरोप लगा रहे हैं कि हिरासत में लिए जाने के कारण ही सदमे में दादी की मौत हुई है. दादी की उम्र करीब 80 वर्ष बताई जा रही है. गुरुवार को काफी संख्या में ग्रामीण भौरा ओपी परिसर में जुटे हुए हैं.
सिन्दरी पुलिस अनुमंडल क्षेत्र की कई थाना की पुलिस पहुंची
सिन्दरी पुलिस अनुमंडल क्षेत्र की कई थाना की पुलिस बुला ली गई है. ग्रामीणों का कहना है कि जमीन के बदले नियोजन की मांग को लेकर खेमलाल महतो के नेतृत्व में दिसंबर माह में भी आंदोलन हुआ था. 35 दिनों तक आंदोलन चला, एसडीओ और झरिया सीओ के आश्वासन पर आंदोलन खत्म हुआ था. मंगलवार को महाप्रबंधक के साथ वार्ता हुई , वार्ता विफल होने के बाद पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत चक्काजाम आंदोलन किया गया. पुलिस ने 8 महिलाओं और 4 पुरुष आंदोलनकारियों को हिरासत में लिया है. न्याय मांगने वाले को पुलिस जेल भेज रही है, यह होने नहीं दिया जाएगा. वहीं, प्रबंधन का कहना है कि अचानक चक्काजाम आंदोलन करने से कंपनी को प्रतिदिन लाखों का नुकसान हो रहा है ,जबकि ग्रामीणों की मांग पर कागजात की जांच की जा रही है. ग्रामीण उचित कागजात भी नहीं दे रहे हैं.
4+