त्रिकुट रोप-वे हादसा : REAL HERO पन्ना लाल को CM ने किया पुरस्कृत, सौंपा एक लाख रुपए का चेक


देवघर (DEOGHAR) : देवघर के त्रिकुट पहाड़ स्थित रोपवे हादसे के बाद लोगों को सकुशल नीचे लाने में साहसिक कार्य करने के लिए रोपवे कर्मी और स्थानीय पन्ना लाल पंजियारा को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा ऑनलाइन एक लाख रुपए का चेक देकर सम्मानित किया गया. देवघर उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन पन्ना लाल से बात की और उनके अनुभव से रू-ब-रू हुए. मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार से भी उन्हें पुरस्कृत करने की अनुशंसा की जाएगी.
उपायुक्त ने भी जमकर तारीफ
देवघर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि हादसे की शुरुआत में जिस साहस और हिम्मत का उदाहरण पन्ना लाल ने पेश किया, इससे बाद में पहुंची एनडीआरएफ की टीम को भी ऑपरेशन में हौसला बढ़ाने में मदद पहुंची. सम्मान मिलने से प्रसन्न पन्ना लाल ने कहा कि अपनी जान दूसरे की जान बचाने के काम आए, यही सबसे बड़ा पुरस्कार है. समाहरणालय में डीसी मंजूनाथ भजंत्री और एसपी सुभाष चंद्र जाट द्वारा पन्नालाल को शॉल ओढ़ाकर, मोमेंटो देने के साथ 1 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया.
पर्यटक मित्र बनाने का आग्रह
बेशक पुरस्कार से ऐसा करने वालों का हौसला बढ़ेगा, पर सरकार से आग्रह है कि ऐसे लोगों को पर्यटक मित्र बनाया जाए. ऐसे लोगों के पर्यटक मित्र बनाने से पर्यटन विभाग की विश्वसनीयता में इजाफा होगा. इससे पर्यटन काे बढ़ावा मिलेगा.
रिपोर्ट : रितुराज सिन्हा, देवघर
4+