कोयलांचल मॉर्निंग अपडेट्स : एक नजर में पढ़िए कोयलांचल के अखबारों की क्या हैं हेडलाइंस

    कोयलांचल मॉर्निंग अपडेट्स : एक नजर में पढ़िए कोयलांचल के अखबारों की क्या हैं हेडलाइंस

    अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज़पेपर तो एक नजर में पढ़िए खास खबरें सोमवार दिनांक 4 अप्रैल को कोयलांचल के कुछ प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार है

    नगर निगम के 18400 होल्डिंग नंबर फर्जी निकले: नगर निगम में होल्डिंग में फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है .यहां 72000 होल्डिंग में से 18400 फर्जी निकले हैं. नगर निगम की  एजेंसी के सर्वे में यह खुलासा हुआ है. एजेंसी ने दावा किया है कि नगर निगम ने 72000 होल्डिंग धारकों की सूची सौंपी थी. सर्वे में 18400 होल्डिंग फर्जी निकले .48000 उपभोक्ता होल्डिंग टैक्स दे रहे हैं. नगर निगम व नगर विकास विभाग को इसकी सूची सौंप दी गई है. (प्रभात खबर)

    रेलवे ठेकेदार बबलू सिंह को मारी गई थी 5 गोलियां: रेलवे ठेकेदार लव कुमार सिंह उर्फ बबलू सिंह की हत्या के मामले में उनके बहनोई प्रभु कुमार के बयान पर रविवार को जोरापोखर थाना में दो अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई .धनबाद के कुसुम विहार निवासी बबलू सिंह को अपराधियों ने फुसबंगला रेलवे फाटक के समीप शनिवार की शाम हत्या कर दी थी. पोस्टमार्टम करने के बाद शव को रविवार को घर लाया गया. दोपहर 12:00 शव यात्रा निकली. मोहलबनी घाट पर बबलू के पिता एसबी सिंह ने मुखाग्नि दी. (प्रभात खबर)

    पत्नी ने प्रेमी से कराई थी मुकेश की हत्या:
    धनबाद थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी मुकेश कुमार पंडित की हत्या उसकी पत्नी नीलम देवी ने अपने प्रेमी उज्जवल शर्मा से कराई थी. इस मामले में धनबाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उज्जवल के पास से एक देसी कट्टा, मृतक का टूटा हुआ मोबाइल फोन और दोनों का मोबाइल फोन जब्त किया है .उक्त जानकारी एसएसपी संजीव कुमार ने अपने कार्यालय में रविवार को दी. (प्रभात खबर)

    निरसा में बांग्ला चैत्र मेले में युवतियों से छेड़खानी, लूटपाट के बाद तनाव: एमपीएल ओपी क्षेत्र के सलारपुर गांव में चैती काली पूजा पर आयोजित मेला में मनचलों ने युवतियों से छेड़खानी की और जमकर उत्पात मचाया. दुकानदारों के साथ लूटपाट भी की. सूचना मिलने पर मेला  आयोजकों ने मदनपुर गांव के तीन युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. कई उपद्रवी भागने में सफल रहे. घटना से गांव में तनाव है. घटना शनिवार की रात की है. (हिंदुस्तान)

    10 मिनट के एक्सरे के लिए 2 घंटे का इंतजार: किसी मरीज का एक्सरे निकालने में मुश्किल से 10 मिनट का समय लगता है .यही एक्सरे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करवाने जाए तो आपको कई घंटे लगेंगे. कतार में आपको लंबा इंतजार करना पड़ेगा. मरीजों की भीड़ और मैन पावर की कमी इसका मुख्य कारण बताया जाता है. बता दें कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल के रेडियोलॉजी विभाग में फिलहाल सिर्फ एक एक्सरे मशीन से लोगों का एक्सरे किया जा रहा है. नतीजा अस्पताल का पूरा लोड एक ही जगह पर आ जाता है और कतार लगानी पड़ती है. सस्ता होने के कारण सभी लोग यही एक्सरे करवाना चाहते हैं .अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल में एक्सरे मशीन की कमी नहीं है. एक्सरे टेक्नीशियन कम है, जिसके कारण आमतौर पर एक ही मशीन का इस्तेमाल किया जाता है. (हिंदुस्तान)
     
    पूजा टॉकीज से झरिया पुल तक नए फ्लाईओवर की कवायद शुरू, प्रशासन ने रेलवे से मांगा एनओसी: शहर को जाम की समस्या से निजात के लिए जल्दी एक और फ्लाईओवर मिल सकता है .पूजा टॉकीज से पुराना बाजार के झरिया पुल तक प्रस्तावित फ्लाईओवर के सिलसिले में जिला प्रशासन ने धनबाद रेल मंडल को प्रस्ताव भेजकर एनओसी मांगा है. गौरतलब है कि जिला प्रशासन ने काफी पहले राज्य सरकार को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा था . (दैनिक भास्कर) 

    हाई वोल्टेज ड्रामा ,दो शादी करने वाले पति की हुई पिटाई: महिला थाना परिसर में रविवार को दो शादियां रचाने वाले पति की दूसरी पत्नी के परिजनों ने पिटाई कर दी. जिसको लेकर वहां हंगामा हो गया. हालांकि शोर सुनकर थाने से पुलिस अधिकारी निकले और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया .जानकारी के मुताबिक गिरिडीह तीसरी थाने का सरफराज नामक व्यक्ति ने एक पत्नी के रहते दूसरी महिला से शादी रचा ली थी, जिसकी शिकायत थाने में की गई थी. मामले की जांच के लिए दोनों पक्षों को थाना बुलाया गया था. (दैनिक भास्कर)

    रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news