सारंडा : आदिवासियों की सरना स्थल की जमीन पर अवैध कब्जा, नाराज ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन


चाईबासा(CHAIBASA): बड़ाजामदा थाना अन्तर्गत भठ्ठीसाई पेट्रोल पंप के सामने सरना स्थल रूपी लगभग 35 डिसमिल सरकारी जमीन पर पंड्राशाली निवासी पुरनो चन्द्र आपट द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है. जिसके खिलाफ भठ्ठीसाई, पाताहातु व आस-पास गांवों के ग्रामीणों ने उस स्थल के पास जमा होकर इसका भारी विरोध किया.
ग्रामीणों ने बताया कि बडा़जामदा मौजा अन्तर्गत थाना संख्या-774, खाता संख्या-5, प्लौट संख्या-782, रक्बा 0.35 डिसमिल (अनावाद बिहार सरकार परती प्लौट) भूमि पर लगभग 70 वर्षो से आदिवासियों का सरना स्थल है एवं आदिवासी वहां नियमित पुजा-पाठ करते हैं. पिछले कुछ वर्षों व महीनों के दौरान इस सरना पूजा स्थल भूमि को पंड्राशाली गांव निवासी पुरनो चन्द्र आपट द्वारा जेसीबी मशीन द्वारा यहां मौजूद दो धार्मिक पेडो़ं एंव मिट्टी को काट कर समतल करवा दिया गया है. इसके अलावा इस सरना भूमि के आधे हिस्से पर उसने पक्का मकान बना कर दूकान भाड़े पर दे रखा है और पुजा स्थल स्थापित आधे बचे हुए भूमि को भी जेसीबी मशीन द्वारा मिटी काट कर तहस-नहस कर दिया है. इस भूमि पर एक टीना का शेड डाल कर घर बनाने के लिए पिलर खड़ा करने का भी प्रयास किया जा रहा है.
प्रशासन नहीं कर रहा कोई कार्रवाई
ग्रामीणों ने कहा कि सरना स्थल पर से अवैध कब्जे को हटाने के लिए हमलोग पूर्व में जगन्नाथपुर के एसडीओ एंव नोवामुण्डी के अंचलाधिकारी को भी आवेदन दे चुके हैं. लेकिन, अब तक इस दिशा में सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया. ग्रामीणों ने कहा कि बीते दिनों बडा़जामदा थाना में आयोजित बैठक के दौरान भी हम लोगों ने अंचलाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों के सामने इस समस्या को रख समाधान का आग्रह किया था. जिसके बाद अंचलाधिकारी के कहने पर पुरनो चन्द्र आपट ने टीना सेड तो हटा दिया है लेकिन वह खुलेआम कह रहा है कि यह उसकी जमीन है. जिस पर उसका कब्जा होगा. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग किया है कि वह अमीन भेजकर सरना स्थल वाली 35 डिसमिल जमीन की मापी करा उसका सीमांकन अथवा बाउण्ड्री करा दें ताकि इस सार्वजनिक व आदिवासियों के धार्मिक स्थल पर कोई कब्जा ना कर सके. ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि इस सरकारी जमीन में से लगभग 10 डिसमिल जमीन भी गलत तरीके से बिक्री कर दिया गया है जिसकी भी जांच की जाए. दूसरी तरफ इस मामले में पुरनो चन्द्र आपट से उनका पक्ष जानने के लिए सम्पर्क करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे सम्पर्क नहीं हो पाया. इस दौरान अशोक दास, बुचून गुप्ता, मंगल बिरुवा, कांडे हेम्ब्रम, बच्चु पूर्ति, मुरली हेस्सा, साधु चरण बालमुचू, दिलीप हेम्ब्रम, सारजोम सुंडी, सीता सुंडी, निर्मला देवी, कविता दास, गीता देवी, मंझारी सुंडी, शांति देवी, लक्ष्मी चाम्पिया, बुधली कश्चप, रजनी गागराई, इंदु देवी, जानकी देवी आदि दर्जनों लोग मौजूद थे.
रिपोर्ट: संदीप गुप्ता, गुवा(चाईबासा)
4+