कोयलांचल मॉर्निंग अपडेट्स : एक नजर में पढ़िए कोयलांचल के अखबारों की क्या हैं हेडलाइंस


अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज़पेपर एक नजर में पढ़िए खास खबरें, शुक्रवार दिनांक 25 मार्च को कोयलांचल के कुछ प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार हैं -
सिंदरी डी नोबिली छात्र मौत मामले में अज्ञात पर हत्या का केस : डी नोबिली स्कूल, सिंदरी में दसवीं के छात्र अश्मित आकाश की मौत के मामले में उसके पिता एलआईसी एजेंट प्रफुल्ल कुमार स्वैन की शिकायत पर सिंदरी थाने में गुरुवार को अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में पिता ने कहा है कि स्कूल परिसर में संदिग्ध घटना घटने के कारण उनके बेटे की जान गई है. घटना के लिए स्कूल प्रबंधन जिम्मेवार है. (प्रभात खबर)
ऑनलाइन पेमेंट करने के बाद भी लोगों को भेजा जा रहा है बकाया बिजली का बिल : ऑनलाइन भुगतान करने के बाद भी लोगों को बकाया बिजली का बिल थमाया जा रहा है. करीब 3000 लोगों के बिजली बिल में गड़बड़ी की बात सामने आई है. लोग बिजली बिल सुधार लाने के लिए रोज झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड के अलग-अलग कार्यालयों का चक्कर लगा रहे हैं .लोगों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से जनवरी माह में जमा कराए गए बिजली बिल में गड़बड़ी हुई है. अधिकारी भी बिजली बिल में गड़बड़ी की बात स्वीकार कर रहे हैं और इसे सुधारने में जुटे हुए हैं. (प्रभात खबर)
4 दिनों से शव को फ्रीजर में लेकर धरना पर बैठे हैं पार्वती के परिजन : बीसीसीएल के निलंबित कर्मचारी फकीर चंद्र महतो की मृत पुत्री पार्वती देवी के परिजन सोमवार शाम से एरिया कार्यालय के समीप न्याय की मांग को लेकर शव फ्रीजर में रख कर धरना पर बैठे हैं. गुरुवार को भी नामजद की गिरफ्तारी की मांग को ले दे धरना जारी रहा. इधर 72 घंटे बीत जाने के बाद भी नामजद जीएम पीके मिश्रा व कार्मिक प्रबंधक प्रभात कुमार की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज स्थानीय लोगों ने पुटकी मोड़ से थाना मोड़ पुटकी तक कैंडल मार्च निकालकर विरोध जताया. (प्रभात खबर)
देश के सबसे बड़े मधुबन कोल वाशरी का उद्घाटन : बीसीसीएल में स्थापित देश की सबसे बड़ी मधुबन कोल वाशरी का कोयला मंत्री प्रहलाद जोशी ने गुरुवार को ऑनलाइन उद्घाटन किया. इस मौके पर मंत्री ने कहा कि उक्त वाशरी के अस्तित्व में आने से कोकिंग कोल के आयात में कमी आएगी और 576 मिलियन डॉलर,विदेशी मुद्रा की बचत होगी. कोयला मंत्री ने ऑनलाइन बटन दबा मधुबन वाशरी प्लांट को चालू किया. (हिंदुस्तान)
पूर्व विधायक संजीव सिंह को हाईकोर्ट से झटका : पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह सहित चार लोगों की हत्या के मामले में नीरज के छोटे भाई एकलव्य सिंह और चश्मदीद गवाह आदित्य राज का दोबारा न्यायालय में प्रति परीक्षण नहीं होगा. उच्च न्यायालय ने झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह की याचिका को गुरुवार को खारिज कर दिया. इससे पहले सेशन कोर्ट ने 22 दिसंबर 21 को इस याचिका को ठुकरा दिया था. जिला एवं सत्र न्यायाधीश 15 के फैसले के विरोध संजीव सिंह ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था. (हिंदुस्तान)
बैंक मोड़, स्टील गेट, धैया में अधिक तो झरिया, केंदुआ में कम होगा होल्डिंग टैक्स : धनबाद के शहरी क्षेत्र में प्रॉपर्टी टैक्स के प्रारूप में बदलाव की तैयारी है. अब सर्किट रेट के आधार पर अलग-अलग जगहों का होल्डिंग टैक्स अलग अलग होगा, यानी जहां की जमीन मकान की कीमत ज्यादा होगी ,वहां ज्यादा होल्डिंग टैक्स देना होगा और बाकी जगहों पर अपेक्षाकृत कम. नगर विकास विभाग ने नई दरों के का प्रस्ताव तैयार कर लिया है. उसे विधानसभा को भेजा जा चुका है. वहां से मंजूरी मिलने पर धनबाद नगर निगम सहित पूरे राज्य के निकायों में एक साथ एक अप्रैल से लागू किए जाने की संभावना है. नए प्रस्ताव के अनुसार दरें लागू होने पर बैंक मोड़ ,पुराना बाजार, स्टील गेट, सराय ढेला, हीरापुर जैसे पॉश इलाकों के मकानों, दुकानों, प्रतिष्ठानों के मालिकों को ज्यादा होल्डिंग टैक्स देना होगा. (दैनिक भास्कर)
मनाही के बावजूद वसूली एनुअल फीस, नहीं देने पर रिजल्ट रोका : ऑफलाइन कक्षा शुरू होने तक केवल मासिक ट्यूशन फी लेनी है. स्कूल बंद रहने तक की अवधि में वार्षिक समेत अन्य किसी तरह का शुल्क अभिभावकों से नहीं लिया जा सकता. डीएसई इंद्र भूषण सिंह के इस आदेश का खुलेआम उल्लंघन तब हो रहा था जब वह खुद भी स्कूल में मौजूद थे. धनबाद पब्लिक स्कूल, हीरक शाखा में गुरुवार को नर्सरी से कक्षा दो तक के बच्चों के वार्षिक रिजल्ट देने के लिए अभिभावकों को बुलाया गया था. इस दौरान अभिभावकों से ट्यूशन फीस के अलावा वार्षिक सहित विभिन्न मदों में फीस ली गई. जिन अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के आदेश का हवाला देते हुए केवल ट्यूशन फीस देने की बात कही, उन्हें उनके बच्चों का रिजल्ट देने से मना कर दिया गया. यही सलूक धनबाद पब्लिक स्कूल की दूसरी शाखा समेत सभी डीएवी व अन्य स्कूलों में किया जा रहा है. (दैनिक भास्कर)
4+